Cancer Treatment : कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में मरीज और उनके परिवार के लिए इलाज का तरीका बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी दिशा में भारत में हाल ही में एक नई इम्यूनोथेरेपी दवा लॉन्च की गई है, जो खासकर फेफड़ों के कैंसर के मरीजों के लिए राहत लेकर आई है। इस दवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे अब सिर्फ 7 मिनट में शरीर में इंजेक्शन के रूप में दिया जा सकता है, जबकि पहले इसे लंबी IV (इन्ट्रावेनस) इन्फ्यूजन के जरिए दिया जाता था।
NSCLC के करीब आधे मरीज इस इलाज के योग्य
नई दवा मुख्य रूप से नॉन-स्मॉल सेल फेफड़ों के कैंसर (NSCLC) के मरीजों के लिए है। भारत में हर साल करीब 81,000 नए फेफड़ों के कैंसर के मामले सामने आते हैं, लेकिन हर मरीज इस दवा का लाभ नहीं उठा सकता। यह दवा PD-L1 प्रोटीन पर काम करती है, इसलिए केवल वही मरीज इसका फायदा उठा सकते हैं जिनके कैंसर सेल्स पर यह प्रोटीन उच्च स्तर पर मौजूद हो। विशेषज्ञों के अनुसार, NSCLC के करीब आधे मरीज इस इलाज के योग्य हैं।
एटेजोलिज़ुमैब इस प्रोटीन को ब्लॉक कर देता
इम्यून सिस्टम के T सेल्स हमारे शरीर में असामान्य या हानिकारक कोशिकाओं को पहचानकर उन्हें खत्म करते हैं। लेकिन कई कैंसर सेल्स PD-L1 नामक प्रोटीन दिखाकर T सेल्स को भ्रमित कर देते हैं और हमला करने से रोकते हैं। एटेजोलिज़ुमैब इस प्रोटीन को ब्लॉक कर देता है, जिससे T सेल्स फिर से कैंसर सेल्स को पहचानकर उन्हें खत्म करने लगते हैं।
पांच मरीज ले सकते हैं इलाज
पहले यह दवा IV इन्फ्यूजन के रूप में दी जाती थी, जिसमें मरीज को घंटों तक अस्पताल में रहना पड़ता था। नई सबक्यूटेनियस (SC) इंजेक्शन तकनीक में इसे केवल जांघ में 7 मिनट में दिया जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, अब अस्पताल में पांच मरीज SC इंजेक्शन के जरिए इलाज ले सकते हैं, जबकि IV में एक ही मरीज का समय इतना लगता था। वैश्विक अध्ययन बताते हैं कि पांच में से चार मरीज IV के बजाय SC इंजेक्शन लेना पसंद करते हैं।
Blue Tree नामक कंपनी का पेशेंट
भारत में यह नई इम्यूनोथेरेपी दवा महंगी है। एक डोज का खर्च लगभग 3.7 लाख रुपये है और आम तौर पर मरीज को छह डोज की जरूरत होती है। हालांकि, Blue Tree नामक कंपनी का पेशेंट असिस्टेंस प्रोग्राम इस लागत को कम करने में मदद करता है। यह दवा सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (CGHS) के तहत भी उपलब्ध है। SC इंजेक्शन में बायो-इक्विवेलेंट डोज 1800 mg है, जबकि IV में 1200 mg, जिससे कीमत में लगभग 25,000–30,000 रुपये का अंतर आता है।
ये भी पढ़ें- PM मोदी का UAE दौरा, LPG सप्लाई समझौता और फाइटर जेट सुरक्षा का नज़ारा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









