खेत-खलिहान

किसान क्रेडिट कार्ड से कितनी मिलती है लोन की सुविधा, जानें नियम और पूरी प्रक्रिया

Kisan Credit Card : आज के समय में खेती से जुड़े खर्चों को पूरा करने के लिए किसानों के सामने पैसों की व्यवस्था करना पहले जितना कठिन नहीं रहा. किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना इस दिशा में काफी मददगार साबित हो रही है, जिसके जरिए किसान कम ब्याज दर पर आसानी से कृषि कार्यों के लिए ऋण प्राप्त कर सकते हैं.

इस योजना में सबसे अहम बदलाव इसकी बढ़ी हुई लोन सीमा है. अब किसान इस सुविधा के तहत अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ऋण ले सकते हैं, जबकि पहले यह सीमा 3 लाख रुपये तक थी. सरकार का उद्देश्य है कि किसान बिना वित्तीय दबाव के आधुनिक तकनीक और संसाधनों के साथ खेती कर सकें. बिना किसी गारंटी के भी इस योजना के तहत 1.60 लाख रुपये तक का कर्ज उपलब्ध कराया जाता है. वहीं, अगर किसान को अधिक राशि की आवश्यकता होती है, तो जमीन के दस्तावेजों के आधार पर वह 5 लाख रुपये तक की सीमा तक पहुंच सकता है.

ब्याज दर की बात करें तो यह योजना अन्य सामान्य बैंक ऋणों की तुलना में काफी सस्ती है. इसमें सामान्यत: 9 प्रतिशत ब्याज दर लागू होती है, लेकिन सरकार की ओर से 2 प्रतिशत की छूट दी जाती है. साथ ही समय पर भुगतान करने पर 3 प्रतिशत तक की अतिरिक्त राहत भी मिलती है.

समय पर भुगतान करने पर कम ब्याज का लाभ

इस तरह समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों के लिए प्रभावी ब्याज दर लगभग 4 प्रतिशत रह जाती है, जो इसे बेहद किफायती बनाती है. यही कारण है कि बड़ी संख्या में किसान अब साहूकारों पर निर्भर रहने के बजाय इस योजना का लाभ ले रहे हैं.

इसके दायरे को भी बढ़ाया गया है और अब इसमें केवल खेती ही नहीं बल्कि पशुपालन और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं. इससे किसान इन क्षेत्रों में भी निवेश कर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं.

आसान आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज

इस कार्ड को प्राप्त करना भी सरल प्रक्रिया है. इसके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड और जमीन से जुड़े दस्तावेज लेकर नजदीकी बैंक शाखा में आवेदन किया जा सकता है. एक बार जारी होने के बाद यह कार्ड 5 वर्षों तक मान्य रहता है और हर साल बैंक इसकी क्रेडिट लिमिट की समीक्षा करता है, ताकि जरूरत के अनुसार सुविधा मिलती रहे.

ये भी पढ़ें- अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का शानदार कलेक्शन, दूसरे दिन भी जारी रफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button