Weather Update : देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में इन दिनों तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में लू चलने की स्थिति बनी रहेगी, जबकि पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. अनुमान है कि 29 अप्रैल तक देश में मौसम के दो अलग-अलग स्वरूप बने रहेंगे. एक तरफ भीषण गर्मी और दूसरी तरफ बारिश से राहत.
मौसम विभाग ने बताया है कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, विदर्भ, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 27 अप्रैल तक लू का असर जारी रह सकता है. इसके साथ ही ओडिशा, झारखंड और केरल में भी हीटवेव जैसी स्थिति बनी रहने की आशंका है.
मध्य भारत में भी बढ़ेगा गर्मी का असर
पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में 29 अप्रैल तक तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं मध्य भारत में भी इसी तरह तापमान बढ़ने का अनुमान है. राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, गुजरात और ओडिशा में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. इसी दौरान राजस्थान के श्रीगंगानगर में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है, जो देश में सबसे अधिक है.
असम और मेघालय में तेज बारिश की चेतावनी
दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. 25 से 29 अप्रैल के बीच अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. इसी अवधि में असम और मेघालय में भी तेज बारिश की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी वर्षा देखने को मिल सकती है.
उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अनुमान
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 25 से 30 अप्रैल के बीच बारिश होने की संभावना है. वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 26 से 29 अप्रैल तक वर्षा हो सकती है. उत्तर प्रदेश में 28 से 30 अप्रैल और राजस्थान में 27 से 29 अप्रैल के बीच कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश का अनुमान है. इस दौरान कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है. बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में आज और कल हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- AAP पार्टी में बड़ी टूट, राघव चड्ढा जल्द भाजपा ज्वाइन करेंगे, दो तिहाई सांसदों के साथ BJP में करेंगे विलय
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









