Delhi NCR

दिल्ली-NCR की हवा फिर बिगड़ी, दिल्ली और नोएडा प्रदूषण में सबसे आगे, कोहरे से बढ़ेगी परेशानी

Delhi Pollution : दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम नजर आ रहे हैं. दिवाली के बाद भी राजधानी और आसपास के शहरों में हवा की गुणवत्ता लगातार चिंता बढ़ा रही है. सोमवार सुबह जारी वायु गुणवत्ता के आंकड़ों में दिल्ली और नोएडा सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल रहे. दिल्ली का AQI 218 दर्ज किया गया, जबकि नोएडा में यह 179 रहा. हालांकि नोएडा की हवा में पिछले दो दिनों के मुकाबले कुछ सुधार देखने को मिला है.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह दिल्ली-NCR का औसत AQI 186 दर्ज हुआ. जबकि रविवार को यह 136 और शनिवार को 131 था. यानी पिछले दो दिनों में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है. दिल्ली में AQI 221 और गुरुग्राम में 219 दर्ज किया गया. वहीं गाजियाबाद में 181, हावड़ा में 148, अहमदाबाद में 150 और कोलकाता में 113 AQI रहा. मुंबई में भी सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 127 दर्ज किया गया.

इन शहरों की हवा रही सबसे साफ

जहां देश के कई बड़े शहर प्रदूषण से जूझ रहे हैं, वहीं कुछ शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहतर बनी हुई है. श्रीनगर में AQI 40 दर्ज किया गया, जबकि उडुपी में 50 और ओंगोल में 51 रहा. विजयवाड़ा का AQI 55, शिलॉन्ग का 53 और सिलचर का 56 दर्ज किया गया. इसके अलावा मेहसाणा में 77, तिरुमाला में 84, रायपुर में 85 और मैसूर में 100 AQI रहा. चेन्नई में यह आंकड़ा 124 दर्ज किया गया.

कोहरा और नमी बढ़ा सकते हैं मुश्किलें

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली-NCR में 17, 18 और 19 नवंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हवा में नमी 95 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है. ऐसे हालात में कोहरे के साथ स्मॉग की चादर भी गहरी हो सकती है.

CPCB के अनुसार, 0 से 50 AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है. दिल्ली की हवा 11 नवंबर से लगातार बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई थी. ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति और प्रदूषण का स्तर राजधानी के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है.

ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button