Trump Putin Meeting : अमेरिका, चीन और रूस के बीच एक बड़ी कूटनीतिक हलचल देखने को मिलने वाली है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 नवंबर को चीन के शेन्जेन शहर में त्रिपक्षीय बैठक करेंगे. इस मुलाकात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं. तीनों वैश्विक नेताओं की एक साथ होने वाली इस बैठक में कई ऐसे मुद्दे उठ सकते हैं, जिनका असर दुनिया की राजनीति और अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है.
चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग यानी APEC शिखर सम्मेलन के दौरान होगी. चीन 18 और 19 नवंबर को 33वें APEC आर्थिक नेताओं के सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है. इसमें 21 सदस्य देशों के नेता हिस्सा लेंगे.
बैठक में ईरान संकट बन सकता है अहम मुद्दा
बैठक के लिए चुना गया शेन्जेन शहर दक्षिणी चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में स्थित है और हांगकांग की सीमा से सटा हुआ है. साल 1980 में चीन का पहला विशेष आर्थिक क्षेत्र बनने के बाद यह शहर तकनीक और विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में उभरा है.
तीनों नेताओं की बातचीत में वैश्विक संघर्षों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और परमाणु हथियारों में कटौती जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है. ईरान संकट भी बैठक का अहम मुद्दा बन सकता है. चीन ईरान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और उसके कच्चे तेल का सबसे बड़ा खरीदार है. ऐसे में इस क्षेत्र से जुड़े घटनाक्रम में चीन के आर्थिक हित भी महत्वपूर्ण हैं.
यूक्रेन युद्ध पर नहीं होगी त्रिपक्षीय चर्चा
अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, यूक्रेन युद्ध इस बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं होगा. वॉशिंगटन इस मुद्दे पर रूस के साथ अलग से बातचीत कर रहा है. व्हाइट हाउस ने यह भी स्पष्ट किया है कि ट्रंप और पुतिन के बीच अलग से द्विपक्षीय मुलाकात की कोई योजना नहीं है.
हालांकि, ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच अलग से द्विपक्षीय वार्ता होगी. ऐसे में 19 नवंबर की यह कूटनीतिक मुलाकात वैश्विक राजनीति के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









