Delhi Weather : दीपावली बीतने के बाद भी दिल्ली-NCR की हवा साफ होने का नाम नहीं ले रही है. प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है. हालात ऐसे हैं कि सुबह से लेकर देर रात तक लोगों को जहरीली हवा में सांस लेनी पड़ रही है. बुधवार को भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है. कुछ इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 380 के पार पहुंच सकता है. मौसम विभाग और एयर क्वालिटी फोरकास्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम है।
दिल्ली-NCR में ग्रैप-2 लागू होने के बाद भी वायु गुणवत्ता में खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है. मंगलवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का AQI 300 से 311 के बीच दर्ज किया गया. कई इलाकों में यह आंकड़ा 380 से 400 तक पहुंच गया. देर शाम AQI 299 रिकॉर्ड हुआ, जबकि रात करीब 9 बजे यह फिर बढ़कर 304 दर्ज किया गया.
चांदनी चौक, पूसा और NSUT जाफरपुर जैसे इलाकों में AQI 380 से 395 के बीच रहा. हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 के महीन कण प्रदूषण की प्रमुख वजह बने हुए हैं. दिल्ली के साथ नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है.
हवा की धीमी रफ्तार बढ़ाएगी परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 13 नवंबर के बीच हवा की गति कमजोर रहने की संभावना है. इससे प्रदूषक तत्व वातावरण में बने रह सकते हैं और AQI में सुधार की गुंजाइश कम रहेगी. मौसम में बदलाव के साथ सुबह और शाम धुंध तथा कोहरे जैसी स्थिति भी देखने को मिल सकती है.
15 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं
दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. हवा की रफ्तार 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है. वहीं, 15 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.
बारिश नहीं होने और हवा की कमजोर गति के चलते प्रदूषण से जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगले कुछ दिनों तक खराब हवा का सामना करना पड़ सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनें और जरूरी सावधानियां बरतें.
ये भी पढ़ें- पंजाब में पराली जलाने के मामलों में 95% कमी, अमन अरोड़ा ने BJP को घेरा, कहा- 20 मिनट में दिल्ली कैसे पहुंचता है धुआं?
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







