UP News : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं. दिवाली के मौके पर सैफई पहुंचे पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात कर उन्हें चुनावी तैयारी के साथ अच्छे व्यवहार और भाषा का पाठ पढ़ाया. वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी कार्यकर्ताओं को सख्त हिदायत देते हुए साफ कहा कि सरकार आने पर हिसाब देख लेने जैसी धमकी देने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए.
इटावा के सैफई स्थित ब्लॉक कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अगर किसी कार्यकर्ता की ओर से धमकी देने की शिकायत मिलती है तो संबंधित जिलाध्यक्ष उसे पार्टी से निकालने की कार्रवाई करें, उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर पार्टी की बदनामी नहीं होनी चाहिए. कार्यकर्ताओं को लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए और विनम्रता से उन्हें अपना बनाना चाहिए. शिवपाल ने 2027 के चुनाव को आजादी की लड़ाई जैसा बताते हुए कहा कि समाजवादियों के सामने इस बार करो या मरो की स्थिति है.
भाजपा पर कसा तंज
उधर, अखिलेश यादव ने भी दिवाली के दौरान सैफई में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. शनिवार रात करीब तीन घंटे और रविवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक उन्होंने प्रदेश और देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कार्यकर्ताओं से बातचीत की.
इस दौरान अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अपनी भाषा और व्यवहार से अलग पहचान बनाएं. भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने एआई से वीडियो बनाए जाने और उसमें शिवपाल यादव व आजम खान को शामिल किए जाने का जिक्र किया, उन्होंने वनस्पति वाले वीडियो पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि वनस्पति का सेवन करके सरकार चलाना ठीक नहीं है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि अगले साल समाजवादी विजय की दिवाली मनाएंगे.
सपा सरकार बनने पर लैपटॉप देने का वादा
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चंदा चोरी के कथित मामले पर भी अखिलेश ने मुख्यमंत्री से सवाल पूछे, उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई का आश्वासन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, उन्होंने अयोध्या के लोगों के साथ अन्याय और किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया.
अखिलेश यादव ने 2027 में सपा सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था सुधारने, नए प्राथमिक विद्यालय खोलने और बच्चों को लैपटॉप देने का वादा किया, उन्होंने आजम खान के साथ न्याय की बात भी कही और भाजपा पर संविधान की अनदेखी करने का आरोप लगाया.
ये भी पढ़ें- पंजाब की खनन आय में 7 गुना उछाल, 123.5 करोड़ से 799 करोड़ पहुंची आय, केंद्र के सामने बरिंदर गोयल ने उठाया मुद्दा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









