Punjab News : दिवाली के मौके पर पंजाब सरकार ने राज्य के हजारों कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है. सरकार ने 6,507 कंप्यूटर शिक्षकों के महंगाई भत्ते (DA) में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. इसके साथ ही समग्र शिक्षा अभियान के तहत काम कर रहे 1,007 गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सेवाओं को भी नियमित करने का फैसला लिया गया है.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि कंप्यूटर शिक्षकों का महंगाई भत्ता अब 181 प्रतिशत से बढ़कर 221 प्रतिशत हो जाएगा. इस फैसले से राज्य के 6,507 कंप्यूटर शिक्षकों को लाभ मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवाली के शुभ अवसर पर सरकार ने अपने कर्मचारियों के हित में ये महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा के तहत कार्यरत 1,007 गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने से उन्हें नौकरी में अधिक सुरक्षा मिलेगी.
कर्मचारियों को वेतन लाभ देने का फैसला
इसके अलावा सरकार ने इन कर्मचारियों को वेतन संबंधी लाभ देने का भी निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य सरकार कर्मचारियों के कल्याण और उनके सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उनके हक के सभी लाभ उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है.
दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए सीएम भगवंत मान ने उम्मीद जताई कि रोशनी का यह त्योहार पंजाब के हर घर में खुशहाली और तरक्की लेकर आएगा.इस फैसले के साथ ही दिवाली पर पंजाब के हजारों कर्मचारियों के लिए आर्थिक लाभ और नौकरी की सुरक्षा से जुड़ी राहत का रास्ता खुला है.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती से मिली खाकी वर्दी, सीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









