Punjab

पंजाब में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, अमृतसर में 36 किलो हेरोइन बरामद, नाबालिग सहित चार काबू

Punjab News : पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 किलो हेरोइन बरामद की है। मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर के निर्देश पर लोपोके सीमा से नशे की खेप हासिल कर रहे थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित और नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने सीमा पार से नशा तस्करी वाले गिरोह का पर्दाफाश करके नाबालिग सहित चार व्यक्तियों को 36 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहिल सिंह निवासी घनुपुर, अमृतसर, परमजीत सिंह और कमलपाल सिंह दोनों निवासी राजासांसी, अमृतसर के रूप में हुई है, जिनके साथ एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी परमजीत सिंह का पुराना आपराधिक पृष्ठभूमि है और उसके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं।

विदेशी आकाओं के इशारे पर कर रहे थे काम

बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने नशे की सप्लाई में इस्तेमाल किए जा रहे आरोपियों के दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त किए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश बैठे अपने हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उक्त हैंडलर लोपोके क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक हेरोइन की खेप पहुंचाने का प्रबंध कर रहा था, जिन्हें वह आगे अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से अन्य पक्षों को सप्लाई करता था।

हेरोइन समेत दो मोटरसाइकिल भी जब्त

कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर को पुख्ता सूचना मिली थी कि विदेश बैठे हैंडलर के चार साथियों ने लोपोके सीमावर्ती क्षेत्र से ड्रोन के माध्यम से गिराई गई हेरोइन की बड़ी खेप प्राप्त की है और वे यह खेप अमृतसर-लोपोके रोड पर किसी अन्य पार्टी को सौंपने जा रहे हैं। पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और भारतमाला हाईवे पुल के नजदीक साहिल सिंह, परमजीत सिंह, कमलपाल सिंह और उनके चौथे नाबालिग साथी को 36 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने उनके दो मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिए।

एन.डी.पी.एस. एक्ट में मामला दर्ज

डीजीपी ने बताया कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाकर पूरे नेटवर्क का खात्मा करने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एस.एस.ओ.सी.), अमृतसर में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत दिनांक 06-11-2026 को एफ.आई.आर. नंबर 72 दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- 48 घंटे की ED रेड के बाद भी कुछ नहीं मिला? पंजाब की राजनीति में ED रेड से मचा घमासान, हरपाल चीमा ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button