Delhi NCR

दिल्ली-NCR में मौसम और प्रदूषण की मार, GRAP-3 लागू, मास्क लगाना हुआ जरूरी

Delhi Weather : दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदलने लगा है, लेकिन इस बदलाव के बीच राजधानी के लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. सुबह और शाम घने कोहरे के साथ प्रदूषण का असर भी साफ दिखाई देने लगा है. हालात ऐसे हैं कि दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर पर पहुंच गई है. बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में GRAP-3 लागू कर दिया गया.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार (7 नवंबर) सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत AQI 366 दर्ज किया गया. यह बहुत खराब श्रेणी में है. वहीं, 15 से अधिक निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंच गया है.

दिल्ली में प्रदूषण के साथ बढ़ेगी ठंड

सबसे चिंताजनक स्थिति आईआईटी दिल्ली की रही, जहां AQI 442 दर्ज किया गया. पंजाबी बाग में यह आंकड़ा 433, विवेक विहार में 427 और जहांगीरपुरी में 421 रहा. इसके अलावा दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है.

मौसम की बात करें तो शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह और रात में कोहरा व स्मॉग छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में धूप निकल सकती है. अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का यही मिजाज रहने का अनुमान है.

GRAP-3 में क्या-क्या बदला?

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल कारों के संचालन पर रोक लगा दी गई है. पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई ऑनलाइन होगी, जबकि 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी गई है. निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियों पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है.

अब सवाल यह है कि मौसम में बदलाव के बावजूद दिल्ली की हवा कब साफ होगी और लोगों को प्रदूषण से राहत कब मिलेगी?

ये भी पढ़ें- आपदा में जान गंवाने वालों के परिवार को अब मिलेंगे 8 लाख रुपये, योगी सरकार का बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button