Delhi Weather : नवंबर की शुरुआत के साथ ही दिल्ली के मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. सुबह और रात में ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दिन में निकल रही तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है. लेकिन राजधानी के लोगों के लिए मौसम से जुड़ी एक और चिंता सामने है. आसमान साफ रहने के बावजूद प्रदूषण आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ा सकता है.
मौसम के अनुमान के अनुसार, रविवार यानी 1 नवंबर को दिल्ली में दिनभर मौसम साफ रहने और अच्छी धूप निकलने की संभावना है. राजधानी में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. सुबह 7 बजे तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, जो सुबह 9 बजे तक बढ़कर 21 डिग्री और 11 बजे तक 24 डिग्री पहुंच सकता है.
बारिश के आसार न के बराबर
दोपहर में धूप का असर बढ़ेगा. दोपहर 1 बजे तापमान 27 डिग्री और 3 से 5 बजे के बीच करीब 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हालांकि, शाम ढलने के साथ ही मौसम में फिर ठंडक बढ़ने लगेगी. रात 9 बजे तापमान 24 डिग्री और 11 बजे तक 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
रविवार को बारिश के आसार भी लगभग न के बराबर हैं. दिन और रात में बारिश की संभावना शून्य से एक प्रतिशत के बीच बताई गई है. यानी लोगों को फिलहाल बारिश की चिंता करने की जरूरत नहीं है.
धूप के बीच प्रदूषण बढ़ाएगा मुश्किलें
दिल्ली में मौसम भले ही साफ रहने वाला हो, लेकिन हवा की गुणवत्ता चिंता बढ़ा सकती है. 1 नवंबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) मध्यम श्रेणी में रहने का अनुमान है. वहीं, 2 और 3 नवंबर को प्रदूषण का स्तर बढ़कर खराब श्रेणी में पहुंच सकता है. ऐसे में सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
आने वाले दिनों में तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. यानी दिन में धूप और रात में ठंडक का सिलसिला जारी रहने वाला है.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









