LPG Cylinder Price : नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही महंगाई ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. दिवाली से पहले होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को LPG सिलेंडर के लिए अब पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. 1 नवंबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है. हालांकि, घरेलू रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है.
तेल कंपनियों की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर 10 रुपये महंगा हुआ है. वहीं चेन्नई में इसकी कीमत में 11.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. बेंगलुरु में भी सिलेंडर के दाम 10 रुपये बढ़ाए गए हैं. नई कीमतें 1 नवंबर से लागू हो चुकी हैं.
अब इन शहरों में चुकानी होगी इतनी कीमत
कमर्शियल LPG सिलेंडर की नई कीमतों की बात करें तो दिल्ली में अब 19 किलो का सिलेंडर 2,820 रुपये में मिलेगा. मुंबई में इसकी कीमत बढ़कर 2,774.50 रुपये हो गई है. कोलकाता में कारोबारियों को अब 2,964 रुपये चुकाने होंगे. वहीं चेन्नई में एक सिलेंडर की कीमत 2,994.50 रुपये पहुंच गई है. बेंगलुरु में नई दर 2,908 रुपये हो गई है.
घरेलू गैस सिलेंडर पर नहीं पड़ा असर
कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने के बीच घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 1 नवंबर को कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी घरों में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला सिलेंडर फिलहाल पुरानी कीमत पर ही मिलता रहेगा.
कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने का सीधा असर होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार पर पड़ सकता है. इन व्यवसायों में रोजाना कई सिलेंडर इस्तेमाल होते हैं. ऐसे में कीमतों में मामूली बढ़ोतरी भी महीने के कुल खर्च को बढ़ा सकती है. इसका असर आने वाले दिनों में कारोबारियों की लागत पर दिखाई दे सकता है.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









