बिज़नेस

1 अक्टूबर से LPG सब्सिडी नियमों में बदलाव, आधार सत्यापन के बिना नहीं मिलेगा लाभ

LPG Subsidy : घरेलू LPG सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है. एक अक्टूबर से सब्सिडी का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को आधार बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण पूरा करना जरूरी होगा. सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य सब्सिडी व्यवस्था को पारदर्शी बनाना और फर्जी या डुप्लीकेट कनेक्शन के जरिए होने वाले दुरुपयोग को रोकना है.

जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही आधार बायोमीट्रिक सत्यापन या ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं होगी.

27.43 करोड़ ग्राहकों का पूरा हुआ सत्यापन

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, 19 सितंबर तक देश के 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी ग्राहकों का आधार बायोमीट्रिक सत्यापन पूरा हो चुका है. यह कुल उपभोक्ताओं का करीब 89.9 प्रतिशत है.

सरकार ने पहले सत्यापन पूरा करने के लिए 30 जून की समयसीमा तय की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 14 सितंबर कर दिया गया था.

सत्यापन के बाद ही मिलेगा सब्सिडी वाला सिलिंडर

सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर करीब 210 रुपये की अप्रत्यक्ष सब्सिडी दी जा रही है. मंत्रालय के मुताबिक, जिन ग्राहकों ने अभी तक आधार बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं कराया है, वे प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही सब्सिडी वाले सिलिंडर की बुकिंग कर सकेंगे.

हालांकि, सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की एलपीजी आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी, लेकिन उन्हें सब्सिडी का फायदा नहीं मिलेगा. ऐसे ग्राहकों को सिलिंडर बाजार मूल्य पर खरीदना होगा.

घर बैठे ऐसे पूरा करें ई-केवाईसी

उपभोक्ता एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर या सिलिंडर डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल एप के जरिए आधार बायोमीट्रिक सत्यापन करा सकते हैं. इसके अलावा तेल कंपनियों के मोबाइल एप से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.

इंडेन ग्राहक इंडियनऑयल वन एप, भारतगैस ग्राहक हेलोबीपीसीएल और एचपी गैस ग्राहक एचपी पे एप के जरिए घर बैठे ई-केवाईसी करा सकते हैं. सरकार ने उपभोक्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप, वाट्सऐप चैटबॉट और आईवीआरएस जैसी सुविधाओं के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा भी दी है.

ये भी पढ़ें- Spam Calls से मिलेगी राहत, TRAI ने बदले नियम, AI से होगी संदिग्ध नंबरों की पहचान, नंबर होंगे बंद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button