Delhi NCR

सोनिया गांधी ने लालू यादव से की मुलाकात, दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

Sonia Gandhi : दिल्ली में सोमवार को राजनीति के दो पुराने साथियों की मुलाकात हुई. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से उनके आवास पर मुलाकात की. इस दौरान सोनिया गांधी ने लालू यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका हालचाल जाना. मुलाकात की तस्वीरें लालू यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा कीं. इसके साथ ही उन्होंने पुराने राजनीतिक दिनों को याद करते हुए यूपीए सरकार के कार्यकाल का भी जिक्र किया.

लालू प्रसाद यादव ने मुलाकात के बाद अपने पोस्ट में लिखा कि सोनिया गांधी उनके आवास पहुंचीं और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली. इस दौरान पुराने दिनों की यादें भी ताजा हुईं, उन्होंने यूपीए सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय युवाओं, किसानों, जवानों और आम लोगों के लिए पारदर्शी एवं जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थीं, उन्होंने मनरेगा, शिक्षा का अधिकार और सूचना का अधिकार जैसे कानूनों को देशवासियों के सशक्तीकरण से जोड़ा.

लालू यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए बिहार के विकास के लिए 1 लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दिए जाने की बात भी कही.

मुलाकात में तेजस्वी यादव भी रहे मौजूद

इस मुलाकात के दौरान बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और लालू परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे. सोनिया गांधी ने लालू यादव को गुलदस्ता भी भेंट किया.

मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि लालू यादव नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली आए थे, उन्होंने कहा कि लालू यादव और सोनिया गांधी के बीच शुरू से ही अच्छे संबंध रहे हैं. दोनों ने मुश्किल परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ दिया है. काफी समय से दोनों की मुलाकात नहीं हुई थी, इसलिए आज मुलाकात हुई और सोनिया गांधी ने उनका हालचाल जाना तथा अपना ख्याल रखने की सलाह दी.

ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button