Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में सुबह के समय गुलाबी ठंड का अहसास बढ़ने लगा है. हालिया बारिश के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है और हवा की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है. हालांकि, दिन में धूप निकलने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ दिल्ली के मौसम को भी प्रभावित कर सकता है.
रविवार, 25 अक्टूबर को दिल्ली में मौसम साफ रहा, लेकिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे. सुबह तड़के हुई बारिश के कारण दिनभर मौसम में हल्की ठंडक बनी रही. पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी के अधिकांश इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश हुई. इस दौरान कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और ओले गिरने की घटनाएं भी सामने आईं.
न्यूनतम पारा 17 डिग्री पहुंचा
बारिश और मौसमी बदलावों का असर तापमान पर भी देखने को मिला. रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान, दोनों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान राजधानी में न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
AQI में सुधार, प्रदूषण से मिली राहत
मौसम में बदलाव का सकारात्मक असर दिल्ली की हवा पर भी पड़ा है. रविवार को राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 153 दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह 193 था. पिछले सप्ताह की तुलना में हल्की बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है.
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में दक्षिण-पूर्वी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं. पालम में रात 11:30 बजे हवा के झोंकों की गति 41 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसका असर दिल्ली-NCR के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है. फिलहाल दिन में धूप निकलने का अनुमान है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास बना रह सकता है.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार का दिव्यांग बच्चों की शुरुआती शिक्षा पर जोर, 28 नए बचपन डे केयर सेंटरों की स्थापना को मंजूरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









