Delhi Metro : दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पोस्टरों पर पिछले कुछ वर्षों में देश में हुए बदलावों को लेकर कई दावे किए गए थे. इनमें एक QR कोड भी मिला, जिसके जरिए लोगों को ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने का निमंत्रण दिया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. जांच में स्पेशल सेल भी शामिल हो गई है.
एफआईआर के मुताबिक, यह मामला 20 अक्टूबर का है. उस दिन दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर ड्यूटी कर रहे थे. वह शाम करीब 6:50 बजे नई दिल्ली स्टेशन से यशोभूमि स्टेशन के लिए रवाना हुए थे. ट्रेन लगभग 7:15 बजे अपने गंतव्य पर पहुंची.
इसके बाद ट्रेन के केबिन के अंदर से निरीक्षण करते समय तरुण चौधरी ने एक सीट पर चिपके हुए दो पोस्टर देखे. पोस्टरों पर सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठाए गए थे.
पोस्टर हटाकर अधिकारियों को दी जानकारी
पोस्टर देखने के बाद तरुण चौधरी ने उन्हें हटाया और अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर को इसकी जानकारी दी. इसके बाद उन्हें पोस्टर द्वारका सेक्टर-21 के स्टेशन कंट्रोलर को सौंपने के लिए कहा गया. बाद में पुलिस को भी इस मामले की सूचना दी गई.
दिल्ली पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मेट्रो रेलवे अधिनियम, 2002 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने दोनों पोस्टर जब्त कर लिए हैं. फिलहाल पोस्टर लगाने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. साथ ही पोस्टरों पर मौजूद QR कोड और उसके जरिए लोगों को ऑनलाइन ग्रुप से जोड़ने के प्रयास की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- ‘ऑफिस-ऑफिस’ सीरियल की तरह न भटके आम आदमी, नागरिक संतुष्टि ही लोकसेवक का रिपोर्ट कार्ड- सीएम योगी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









