Uttar Pradesh

दूल्हा मुंबई में, दुल्हन 100 फीट ऊंचे टावर पर, ऑनलाइन शादी के बाद नीचे उतरी प्रेमिका

Viral News : उत्तर प्रदेश के बहराइच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे गांव का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. शादी की मांग को लेकर एक युवती करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. परिवार के लोग इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे, जबकि उसका प्रेमी काम के सिलसिले में मुंबई में था. कई घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने दोनों परिवारों से बातचीत की और काजी की मौजूदगी में प्रेमी-प्रेमिका का ऑनलाइन निकाह कराया गया. इसके बाद युवती समझाने पर टावर से नीचे उतर आई.

मामला मोतीपुर थाना क्षेत्र के चौधरी गांव का है, जहां 23 अक्टूबर को यह घटना हुई. बस्थनवा गांव की रहने वाली युवती का अपने ही गांव के नूरुद्दीन से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवारों की सहमति नहीं मिल रही थी. इसी बात से परेशान होकर युवती चौधरी गांव में लगे बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़ गई और शादी कराने की मांग करने लगी.

युवती को इतनी ऊंचाई पर देखकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची. युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी समझाया गया, लेकिन वह शादी की मांग पूरी होने तक नीचे आने को तैयार नहीं थी.

पुलिस की मध्यस्थता के बाद ऑनलाइन निकाह

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों परिवारों से बातचीत शुरू की. एक ओर युवती को सुरक्षित नीचे उतारना जरूरी था, वहीं दूसरी ओर शादी को लेकर चल रहे विवाद का समाधान निकालना भी चुनौती थी. काफी प्रयासों के बाद परिवार शादी के लिए राजी हो गए.

इसके बाद टावर के नीचे काजी को बुलाया गया. युवती बहराइच में मौजूद थी, जबकि उसका प्रेमी नूरुद्दीन मुंबई में था. ऐसे में दोनों का ऑनलाइन निकाह कराया गया. निकाह की रस्म पूरी होने के बाद पुलिस और अन्य लोगों ने युवती को नीचे उतरने के लिए समझाया. काफी देर बाद वह टावर से सुरक्षित नीचे आ गई. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान गांव में लोगों की भीड़ जुटी रही.

ये भी पढ़ें- ‘ऑफिस-ऑफिस’ सीरियल की तरह न भटके आम आदमी, नागरिक संतुष्टि ही लोकसेवक का रिपोर्ट कार्ड- सीएम योगी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button