Weather Update : देश के कई हिस्सों में मानसून अभी भी सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों में गुरुवार को बारिश की संभावना जताई है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है।
हिमाचल के पहाड़ों पर पहली बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, भरमौर और मनाली के ऊंचे इलाकों में गुरुवार सुबह हल्की बर्फबारी हुई। पहाड़ों पर करीब एक से डेढ़ इंच तक बर्फ की परत जम गई। आमतौर पर इन क्षेत्रों में अक्टूबर के मध्य में बर्फबारी शुरू होती है, लेकिन इस बार मौसम में बदलाव के चलते पहले ही हिमपात देखने को मिला है।
जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी बदला मौसम
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, उत्तराखंड के केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और चमोली के कुछ इलाकों में ओलों के साथ हल्की बर्फबारी हुई। देहरादून में भी सुबह तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर दोबारा भूस्खलन हुआ।
बिहार में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित
बिहार में बारिश और बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। राज्य के करीब 15 जिलों में लगभग 50 लाख लोग प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बाढ़ के कारण कई ग्रामीण सड़कें प्रभावित हुई हैं, जिनमें कुछ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मानसून की सक्रियता के चलते आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें- अलकायदा से जुड़ा आतंकी तमिलनाडु से गिफ्तार, यूपी एटीएस ने पाकिस्तान कनेक्शन का किया खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









