Sardar Patel Jayanti : देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. इस मौके पर बीजेपी ने भी सरदार पटेल को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनके योगदान को नमन किया. 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भी मनाया जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरदार पटेल को अखंड भारत का प्रणेता बताया, उन्होंने कहा कि पटेल ने सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. उनका त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
अमित शाह ने बताया आधुनिक भारत का शिल्पकार
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार और राष्ट्रीय एकता-अखंडता का प्रतीक बताया, उन्होंने कहा कि पटेल ने अपने साहस और दूरदर्शिता से रियासतों में बंटे देश को एकजुट कर मजबूत भारत की नींव रखी. अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना के जरिए प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती दी. शाह ने खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के दौरान किसानों के अधिकारों के लिए पटेल के संघर्ष को भी याद किया.
नितिन गडकरी और स्मृति ईरानी ने भी किया नमन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सरदार पटेल के देश के प्रति किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे. वहीं, बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की.
31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में जन्मे सरदार पटेल आजादी के बाद देश के पहले गृहमंत्री बने थे, उन्हें 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने का श्रेय दिया जाता है. साल 2014 से केंद्र सरकार उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मना रही है.
ये भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर योगी सरकार का तोहफा, 12 दिन तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें, त्योहारों पर घर पहुंचना होगा आसान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









