मौसमराष्ट्रीय

चक्रवात ‘अर्नब’ का कहर! 5 लोगों की मौत, 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट, कहीं स्कूल बंद, कहीं सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त

Cyclone Arnab : बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी नुकसान पहुंचाया है। अब तक पांच लोगों की मृत्यु की खबर है। ओडिशा में करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। 15 राज्यों में बारिश का असर दिख रहा है। IMD के अनुसार, तूफान कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है।

Cyclone Arnab : बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ ने पूर्वी भारत के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित किया है। आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण पेड़ गिरने, मकानों को नुकसान पहुंचने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। ओडिशा में भी बारिश और भूस्खलन के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं चक्रवात ‘अर्नब’ से 5 लोगों की मौत की जानकारी भी सामने आई है।

15 राज्यों में बारिश का असर

चक्रवात का प्रभाव मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ जिलों में एहतियातन स्कूल बंद रखने की सूचना भी दी गई है।

ओडिशा में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

ओडिशा में चक्रवात के खतरे को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। गजपति जिले में लगातार बारिश के कारण बालीबाड़ा घाटी रोड पर भूस्खलन हुआ। पहाड़ी का एक हिस्सा ढहने और तीन पेड़ गिरने से सड़क अवरुद्ध हो गई, जिससे छह गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ।

135 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलीं हवाएं

चक्रवात ‘अर्नब’ ने आंध्र प्रदेश के तट को पार करते समय भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ तबाही मचाई। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की जानकारी दी गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और सड़कों व अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।

कमजोर पड़ा चक्रवात, IMD ने दिया अपडेट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है। इसके 29 अक्टूबर की सुबह तक डिप्रेशन और शाम तक स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, सिस्टम के कमजोर पड़ने के बावजूद कई क्षेत्रों में भारी बारिश का खतरा बना रह सकता है।

ये भी पढ़ें- बैलेट पेपर से चुनाव, फिर भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला! PM Modi ने कसा तंज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button