Cyclone Arnab : बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात ‘अर्नब’ अब बहुत प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदल गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के चक्रवात चेतावनी केंद्र के निदेशक डॉ. पी.एल.एन. मूर्ति के मुताबिक, तूफान ने अपनी ताकत बढ़ा ली है और अब आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है. इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास तट से टकराने का अनुमान है. लैंडफॉल के दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकते हैं.
तूफान की गंभीरता को देखते हुए कई बंदरगाहों पर चेतावनी जारी की गई है. काकीनाडा बंदरगाह को ग्रेट डेंजर-10 यानी जीडी-10 सिग्नल दिया गया है, जो अत्यंत गंभीर खतरे को दर्शाता है. विशाखापत्तनम और गंगावरम बंदरगाहों पर जीडी-9, जबकि मछलीपट्टनम और निजामापट्टनम में जीडी-8 सिग्नल जारी किया गया है. कलिंगपट्टनम, कृष्णापट्टनम और वडारेवु में भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
मछुआरों को समुद्र में जाने से सख्त मनाही
मौसम विभाग ने मछुआरों को 30 अक्टूबर की सुबह तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है. समुद्र में ऊंची लहरें उठने और परिस्थितियां खतरनाक बने रहने की आशंका है. जहाजों और नावों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. तेज हवाओं से पेड़ उखड़ने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा है. समुद्र का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में जलभराव भी हो सकता है.
प्रशासन ने राहत शिविरों और बचाव दलों को तैयार रखा है. लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, जरूरी सामान तैयार रखने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है. तूफान की दिशा और तीव्रता पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें- महर्षि वाल्मीकि आश्रम में सीएम योगी ने की पूजा-अर्चना, प्राचीन शिवलिंग और सीता कुटिया के भी किए दर्शन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









