Punjab News : पंजाब में ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पटियाला में पीआरटीसी के बेड़े में 100 नई मिनी बसें शामिल की हैं. 29 सीटों वाली ये बसें गांवों और छोटे कस्बों को शहरों से जोड़ेंगी. सरकार का कहना है कि इस पहल से विद्यार्थियों, कामगारों, व्यापारियों और ग्रामीण निवासियों को शिक्षा, रोजगार, बाजारों और जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह नहरी पानी हर खेत तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, उसी तरह पंजाब के हर गांव तक बस सेवा पहुंचाने का लक्ष्य है, उन्होंने पिछली सरकारों पर ग्रामीण परिवहन व्यवस्था की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार गांवों और शहरों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए काम कर रही है.
अगले महीने आएंगी 309 और बड़ी बसें
भगवंत मान ने घोषणा की कि अगले महीने सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का विस्तार करने के लिए बेड़े में 309 और बड़ी बसें शामिल की जाएंगी, उन्होंने बताया कि नई मिनी बसों को पीआरटीसी के नौ डिपो में वितरित किया गया है. इस पहल से लगभग 150 ड्राइवरों और कंडक्टरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है. कार्यक्रम के दौरान 15 युवाओं को परिवहन विभाग में नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए.
किस डिपो को मिलीं कितनी बसें?
पटियाला को 25, बठिंडा और चंडीगढ़ को 15-15, संगरूर को 10, बरनाला को 9, बुढलाडा को 8, कपूरथला को 7, फरीदकोट को 6 और लुधियाना को 5 बसें दी गई हैं. इस तरह कुल 100 मिनी बसों का वितरण किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर बस सेवाओं से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, लोगों को कार्यस्थलों तक जाने और ग्रामीण निवासियों को मंडियों तथा बाजारों तक पहुंचने में मदद मिलेगी, उन्होंने कहा कि विकास का लाभ बड़े शहरों के साथ-साथ दूरदराज के गांवों तक पहुंचना चाहिए.
इस अवसर पर परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. सरकार के मुताबिक, सार्वजनिक परिवहन का विस्तार ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है.
ये भी पढ़ें- महर्षि वाल्मीकि आश्रम में सीएम योगी ने की पूजा-अर्चना, प्राचीन शिवलिंग और सीता कुटिया के भी किए दर्शन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









