Other States

गुवाहाटी में लीज विवाद में 5 लोगों की हत्या, एक ही परिवार के 4 सदस्यों की गई जान, 1 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Guwahati Hotel Firing : असम की राजधानी गुवाहाटी में सोमवार रात एक होटल गोलियों की आवाज से दहल उठा. जीएस रोड के बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल ‘बिलास इन’ में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया.

शुरुआती जांच में इस गोलीकांड के पीछे संपत्ति विवाद की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, होटल के मालिक पक्ष और उसे लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के दौरान कथित तौर पर गोलियां चलाई गईं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी कोई भाड़े का हत्यारा नहीं, बल्कि होटल का पट्टाधारक है.

पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने बताया कि आरोपी की पहचान घनकांत गोगोई के रूप में हुई है. घटना रात करीब नौ बजे हुई थी. पुलिस ने उसे पलटन बाजार इलाके से गिरफ्तार किया. वारदात में इस्तेमाल की गई .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली गई है. आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस गोलीबारी के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

एक ही परिवार के चार लोगों की गई जान

पुलिस के अनुसार, मृतक होटल के मालिक पक्ष से जुड़े थे. इनमें चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था. मृतकों की पहचान होटल मालकिन हेलेना भराली, उनके बेटे देबोरशी कश्यप, देबोरशी की पत्नी रिनिकी कश्यप, हेलेना के भाई भुदेव भराली और नारायण दास के रूप में हुई है.

संपत्ति और लीज विवाद की जांच में जुटी पुलिस

गोलीबारी में बचने वाले सत्येन पाठक का गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज किया गया. अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है.

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संपत्ति और लीज समझौते को लेकर चल रहा विवाद किस तरह खूनी संघर्ष में बदल गया. जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- महर्षि वाल्मीकि आश्रम में सीएम योगी ने की पूजा-अर्चना, प्राचीन शिवलिंग और सीता कुटिया के भी किए दर्शन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button