Haryana News : हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की Range Rover पर फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी रोहित उर्फ बोदा पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। सोनीपत के बारोटा-छतेहरा के पास STF सोनीपत और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम से हुई मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस टीम पर किए दो फायर
एसीपी विपिन कादयान के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव लाडपुर निवासी रोहित उर्फ बोदा बारोटा-छतेहरा इलाके में आने वाला है। इसके बाद STF और दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने इलाके में नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद बाइक सवार एक युवक वहां पहुंचा।
पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगा। घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर दो गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। तलाशी में आरोपी के पास से पिस्तौल, बाइक और एक थैला बरामद किया गया।
5 हजार रुपये का था इनाम
पुलिस के अनुसार, रोहित उर्फ बोदा की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह लूट, हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामलों में वांछित बताया जा रहा है।
17 सितंबर को हुई थी Range Rover पर फायरिंग
रोहित पर आरोप है कि 17 सितंबर की रात भिवानी के खरक कलां गांव में दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी Range Rover पर फायरिंग की गई थी। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। जांच के दौरान रोहित का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
दो करोड़ की रंगदारी मामले में भी नाम
पुलिस के मुताबिक, रोहित के संबंध हिसार के बाडो पट्टी टोल प्लाजा के प्रबंधक संजय शुक्ला हत्याकांड से भी बताए जा रहे हैं। इस मामले में भी पुलिस को उसकी तलाश थी। इसके अलावा सोनीपत की गुड़ मंडी में एक व्यापारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी उसका नाम सामने आया है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके कथित नेटवर्क और अन्य वारदातों में भूमिका की जांच करेगी। इससे पहले झज्जर में विजय हत्याकांड के आरोपी इन्द्रपाल के साथ भी पुलिस मुठभेड़ हुई थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी।
ये भी पढ़ें- नमाज के बाद को-पायलट का कुल्हाड़ी से हमला, कैप्टन स्मित ने बचाई 174 जानें, नेतन्याहू ने मोदी संग आने का दिया न्योता
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









