Uttarakhand

कपाट बंद होने से पहले बर्फबारी से ढका बदरीनाथ धाम, सफेद चादर में लिपटीं पहाड़ियां

Badrinath Dham : उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में शीतकाल के लिए मंदिर के कपाट बंद होने से पहले मौसम ने अचानक करवट ले ली. रविवार सुबह से ही बदरीनाथ धाम और चमोली जिले की ऊंची पहाड़ियों पर बारिश के साथ बर्फबारी शुरू हो गई. देखते ही देखते पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया. तापमान में गिरावट आने से धाम में ठंड काफी बढ़ गई, लेकिन खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार सुबह जारी पूर्वानुमान में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी और पिथौरागढ़ के 3,000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई थी. इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात का अनुमान लगाया गया था.

बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बदरीनाथ धाम में मौसम खराब होने के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंचे. कई श्रद्धालु दर्शन के साथ ताजा बर्फबारी का आनंद लेते भी नजर आए. चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछने से धाम की प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बन रही थी.

मंदिर के पूर्व मुख्य पुजारी पंडित भुवन चंद्र उनियाल ने बताया कि रविवार सुबह से ही धाम में हिमपात शुरू हो गया था, उन्होंने कहा कि बर्फबारी से पूरा बदरीनाथ नगर सफेद चादर में ढक गया है और यहां मौजूद श्रद्धालु इस खूबसूरत नजारे को देखकर खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं.

कपाट बंद होने की तैयारियों में जुटी पुलिस

चमोली पुलिस के मुताबिक, बदरीनाथ में रविवार सुबह से बारिश और बर्फबारी जारी रही. मंदिर के कपाट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार शाम को शीतकाल के लिए बंद होने थे. इसे देखते हुए पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे रहे.

ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button