Heavy Rain : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश के कारण कुलागाड़ नाले का जलस्तर बढ़ गया, जिससे 170 फीट लंबा बैली ब्रिज तेज बहाव में बह गया। यह पुल व्यास, दारमा और चौदांस घाटियों को जोड़ता था, जो चीन सीमा से लगे संवेदनशील क्षेत्र हैं। पुल के बहने से इन इलाकों का सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। बताया जा रहा है कि यह नया पुल 27 अगस्त को ही तैयार किया गया था, जबकि इससे पहले पुराना पुल 18 अगस्त को चट्टान गिरने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था।
छत्तीसगढ़ में नदी में बहे तीन छात्र, तलाश अभियान जारी
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन कॉलेज छात्र बह गए। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के छात्र-छात्राएं पिकनिक के लिए देवरी गांव पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया, जिसके बाद उसे बचाने की कोशिश में दो अन्य छात्र भी पानी में बह गए। तीनों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
बिहार और उत्तर प्रदेश में बाढ़ से लाखों प्रभावित
बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। राज्य के 15 जिलों में 47 लाख से अधिक लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। गंगा समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। करीब 4 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और 21 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कानपुर और उन्नाव में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में बारिश का अलर्ट
मानसून की सक्रियता के चलते मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी है। मध्य प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि राजस्थान के 29 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले राजस्थान के कई जिलों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हुआ। मध्य प्रदेश के भोपाल में बारिश के दौरान दृश्यता काफी कम हो गई, जबकि दमोह के निचले इलाकों में पानी भर गया।
ये भी पढ़ें- दिल्ली पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, सात साल बाद भारत दौरे पर आए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







