UP Weather : उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर थमने के बाद मौसम ने करवट ले ली है. प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ है और दिन में धूप निकल रही है. हालांकि, सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है. अगले पांच से छह दिनों में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
22 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. कहीं भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान नहीं है. प्रदेश के सभी 75 जिले फिलहाल ग्रीन जोन में हैं. बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य में बारिश नहीं हुई और सभी मंडलों के तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया.
24 अक्टूबर को सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है, लेकिन उत्तर प्रदेश में इसका खास असर पड़ने की संभावना नहीं है. अगले सात दिनों तक प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं.
लखनऊ से गोरखपुर तक खिलेगी धूप
राजधानी लखनऊ के साथ सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, उन्नाव और रायबरेली में मौसम साफ रहने का अनुमान है. सुबह हल्की ठंडक के बाद दिन में धूप निकलेगी. प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में भी मौसम सामान्य बना रहेगा. ग्रामीण इलाकों में सुबह और शाम शहरों के मुकाबले अधिक ठंडक महसूस हो सकती है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और सहारनपुर में बारिश के बाद ठंडक बढ़ी है. नोएडा में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी विवाद में राजपाल यादव की एंट्री, मंत्री सुबोध उनियाल को सुनाई खरी-खरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








