Delhi NCR Rain : दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया. रात से चल रही तेज हवाओं और गरजते बादलों के बीच हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में सुबह 9 बजे तक गरज-चमक, बिजली गिरने, 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे तक पूसा में सबसे अधिक 40.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. सफदरजंग में 39.6 मिलीमीटर, नारायणा में 38 मिलीमीटर, पालम में 30.2 मिलीमीटर और जनकपुरी में 29 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं, दिल्ली हवाई अड्डे पर लगभग 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. आरके पुरम, कर्तव्य पथ और मध्य, दक्षिण-पूर्वी तथा पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हुई.
हरियाणा और यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
IMD ने हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, रोहतक और सोनीपत में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया. उत्तर प्रदेश के अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और संभल में भी गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई. इन इलाकों में तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है.
मौसम विभाग की लोगों को सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचने, सड़क और यातायात की स्थिति पर नजर रखने तथा आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है. जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की जरूरत है.
तेज बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं जलभराव और यातायात संबंधी परेशानियां बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









