मौसम

18 राज्यों में बारिश का खतरा, आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी

Weather Alert : देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 सितंबर को कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. वहीं पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है.

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी म्यांमार के तटीय क्षेत्र के पास 27 सितंबर को एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना है. इसके अगले 24 घंटे में उत्तरी अंडमान सागर और म्यांमार के इरावदी डेल्टा की ओर बढ़ने की संभावना है. इसके प्रभाव से पूर्वी भारत और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. यह सिस्टम आगे म्यांमार और बांग्लादेश के तटों से होते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है.

इन राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना

IMD के मुताबिक 28 सितंबर को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में बारिश होने के आसार हैं. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है. कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है.

दिल्ली में बादल और हल्की बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में 28 सितंबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 29 सितंबर से मौसम साफ होने की संभावना है.

UP में बारिश की गतिविधियों में कमी के संकेत

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ था. हालांकि अब मौसम विभाग ने राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई है.

28 सितंबर को प्रदेश में भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है. पूर्वी यूपी में 27 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई थी, जबकि पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में भी तेज बारिश हुई.

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग के कुछ इलाकों में फ्लैश फ्लड का खतरा बताया गया है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें- योगी सरकार में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार, 1548 करोड़ रुपये से 8,397 परियोजनाएं ला रहीं बदलाव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button