
UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे सकता है। इसके चलते 20 नवंबर से हवाओं की दिशा बदलकर पुरवा हो जाएगी। मौसम विभाग ने 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बारिश के साथ ही अगले कुछ दिनों में दिन और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
आजमगढ़ से सोनभद्र तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश हो सकती है। आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और गाजीपुर में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। चक्रवात के प्रभाव से हवाओं का रुख बदलने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा।
पुरवा हवाओं से बढ़ेगा दिन और रात का तापमान
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, 20 से 22 नवंबर के बीच पुरवा हवाओं के चलते प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान रात के तापमान में करीब तीन डिग्री और दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक इजाफा होने का अनुमान है। हालांकि, 23 नवंबर से तापमान में दोबारा गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल अगले दो दिनों तक मौसम और तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठंड, मुजफ्फरनगर में सबसे सर्द रात
बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में ठंडी पछुआ हवाओं का असर देखने को मिला। इसके चलते दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। हालांकि, प्रदेश में कहीं भी घना कोहरा दर्ज नहीं किया गया।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात का तटीय इलाकों पर खतरा
बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान अकवान आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान गुरुवार दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश के यानम और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है, जबकि तेज झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
चक्रवात का सीधा असर तटीय राज्यों में देखने को मिल सकता है, जबकि इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश में हवाओं की दिशा और तापमान में बदलाव की संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़ें – अखिलेश यादव के रोड शो में जेसीबी से भाजपा नेता के बेटे की मौत, सड़क पर उतरे परिजन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









