
Bihar Accident News : बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। तिलक समारोह से लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नदी में जा गिरी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। सभी मृतक सुपौल जिले के थुमहा गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सुपौल जिले के पीपरा क्षेत्र स्थित थुमहा गांव के कुछ लोग सिकटी के भपटीया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। बताया गया है कि वे लड़की पक्ष की ओर से समारोह में पहुंचे थे। बुधवार देर रात सभी स्कॉर्पियो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में बीड़ी पुल के नजदीक एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में जा गिरी।
ग्रामीणों ने रस्सी और जेसीबी से चलाया बचाव अभियान
स्कॉर्पियो के नदी में गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने खुद ही बचाव कार्य शुरू कर दिया। नदी में डूबी गाड़ी को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने पहले रस्सियों का सहारा लिया। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से स्कॉर्पियो को नदी से बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की जान बचाने में सफलता मिली।
मृतकों में चार नाबालिग, सभी सुपौल के निवासी
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान थुमहा गांव निवासी कुंदन यादव (28), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), यश कुमार (16), आर्यन (15) और सौरभ (15) के रूप में की गई है। मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल हैं। एक साथ छह लोगों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए सभी शव
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
समारोह की खुशियां मातम में बदलीं
जिस तिलक समारोह में शामिल होकर सभी लोग खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, वही सफर उनके परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया। हादसे की खबर थुमहा गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। छह लोगों की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें – पंजाब द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा- सीएम मान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









