Delhi NCR

दुबई से दिल्ली पहुंचा यात्री, बैग की जांच में निकली 94 लाख की विदेशी घड़ी, कस्टम ने किया गिरफ्तार

Delhi Airport News : दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक भारतीय यात्री से करीब 94 लाख रुपये की महंगी विदेशी घड़ी बरामद की है. यात्री दुबई से दिल्ली पहुंचा था और जांच के दौरान उसके पास स्विट्जरलैंड में बनी लग्जरी घड़ी मिली. अधिकारियों ने घड़ी जब्त करने के साथ यात्री को गिरफ्तार कर लिया है. अब इस मामले में तस्करी से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, 11 नवंबर को फ्लाइट संख्या SG5106 से दुबई से आए यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. इसके बाद उसे ग्रीन चैनल पर रोककर सामान की जांच की गई. एक्स-रे स्कैनिंग के बाद जब यात्री DFMD गेट से गुजरा तो अलर्ट बीप सुनाई दी. इसके बाद तलाशी में उसके पास से Patek Philippe Aquanaut घड़ी बरामद हुई.

बरामद घड़ी की जांच के लिए चार्टर्ड इंजीनियर की मदद ली गई. जांच में घड़ी असली पाई गई और इसकी अनुमानित कीमत 94 लाख रुपये बताई गई. कस्टम विभाग ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत घड़ी जब्त कर ली. साथ ही यात्री को इसी कानून की धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है.

पहले भी पकड़ी गई थी करोड़ों की सोने की खेप

आपको बता दें कि दिल्ली एयरपोर्ट पर तस्करी का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले अक्टूबर में कस्टम अधिकारियों ने दुबई से आए एक भारतीय यात्री के पास से 3.2 किलोग्राम सोना बरामद किया था. जब्त किए गए सोने की कीमत करीब 4.03 करोड़ रुपये आंकी गई थी. अधिकारियों के अनुसार, सोने की छड़ें फ्लोर स्प्रिंग के भीतर छिपाकर लाई जा रही थीं.

फिलहाल 94 लाख रुपये की घड़ी से जुड़े मामले में जांच जारी है. कस्टम विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि इस तस्करी के पीछे किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की भूमिका तो नहीं है.

ये भी पढ़ें- CM योगी ने पद्मश्री रमेश बाबा को दी श्रद्धांजलि, 12 यूनिट के फ्री डायलिसिस केंद्र का भी किया शुभारंभ

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button