Uttar Pradeshराजनीतिराज्य

14 वर्षीय किशोर की मौत के बाद अखिलेश यादव पर हमालवर हुए सीएम योगी, बोले – उसका क्या कसूर था?

UP Politics : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि वह भी उसी सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। गोरखपुर में उन्होंने रोड शो के दौरान बच्चे की मौत और माफियाओं के मुद्दे पर सपा को घेरा। इसके साथ ही सीएम ने 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली प्रदेश की पहली वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखी।

UP Politics : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गोरखपुर रोड शो और अयोध्या की राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह वहां से चुनाव मैदान में उतरते हैं तो वह भी उसी सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं के बीच सीधे मुकाबले की बात कही।

इस दौरान सीएम योगी ने अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आकर जान गंवाने वाले बच्चे की मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि झंगहा से पढ़ाई के लिए आए 12-13 वर्षीय मासूम छात्र का आखिर क्या कसूर था, जिसकी जान चली गई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद भी संवेदना के शब्द नहीं कहे गए। उन्होंने बताया कि वह पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे।

उपद्रवियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने प्रशासन को सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि उन्हें ऐसी सजा मिले जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें।

अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए सीएम योगी ने कहा कि यदि वह वहां से नामांकन दाखिल करते हैं तो वह भी उसी सीट से पर्चा भरेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच आमने-सामने का मुकाबला होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव सीधे मुकाबले का साहस नहीं दिखाते। उनके मुताबिक, कमजोर व्यक्ति हमेशा पीछे से वार करता है।

माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सख्त संदेश

सीएम योगी ने माफिया और अपराधियों को लेकर भी कड़ा रुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी ने माफियागिरी करने की कोशिश की तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का मतलब गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू है। उन्होंने कहा कि माफिया सपा के सहयोगी रहे हैं और पार्टी ने जनता के साथ विश्वासघात किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुंडों और माफिया पर कानून के जरिए ही नियंत्रण किया जा सकता है। उनकी सरकार ने ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया है और अब उनके खिलाफ दोबारा कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की रखी आधारशिला

राजनीतिक मुद्दों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में प्रदेश की पहली वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी की आधारशिला भी रखी। उन्होंने विधि-विधान से भूमि पूजन कर प्रस्तावित विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की शुरुआत की।

करीब 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय 123 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण से उत्तर प्रदेश में वानिकी और औद्यानिकी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने का लक्ष्य है।

इस विश्वविद्यालय में वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विषयों पर शिक्षा और शोध की व्यवस्था होगी। यहां वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों का प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री और फल एवं बागवानी जैसे क्षेत्रों में अध्ययन किया जा सकेगा।

बीएससी से पीएचडी तक पढ़ाई की होगी व्यवस्था

प्रस्तावित विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक और पीएचडी के साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित करने की योजना है। इसके लिए आधुनिक शैक्षणिक और अनुसंधान सुविधाएं तैयार की जाएंगी। परिसर में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार का निर्माण होगा।

विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 895 क्षमता वाला छात्रावास बनाया जाएगा। इसके अलावा 401 आवासीय इकाइयां, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह भी विकसित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय में पढ़ाई और शोध के साथ किसानों के प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा। वानिकी एवं औद्यानिकी से जुड़े अनुसंधान को किसानों तक पहुंचाने की योजना है। इससे आधुनिक बागवानी तकनीकों, कृषि वानिकी और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें – इंजीनियर्स एसोसिएशन द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. को पी.एच.डी. की डिग्री प्राप्त करने पर बधाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button