
Agra Murder Case : आगरा में कोचिंग संचालक और गणित के शिक्षक ओम प्रकाश यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह एक पूर्व छात्रा को ब्लैकमेल किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि शिक्षक छात्रा की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए उसे परेशान कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर छात्रा के मित्र ने शिक्षक की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शिक्षक की स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस को स्कूटी बरामद हो गई है, जबकि आरोपी ने अपना मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिया था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।
छह नवंबर को कोचिंग में मिला था शिक्षक का शव
मामला आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी का है। यहां सेक्टर तीन स्थित वीएस प्लाजा में कोचिंग संचालित करने वाले गणित के शिक्षक ओम प्रकाश यादव की हत्या कर दी गई थी। छह नवंबर को उनका शव बरामद हुआ था। जांच में पता चला कि शिक्षक को आखिरी बार दो नवंबर को देखा गया था। वह अपनी कोचिंग में छात्र-छात्राओं को गणित पढ़ाते थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शिक्षक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली।
कॉल डिटेल से पूर्व छात्रा तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान शिक्षक के मोबाइल की कॉल डिटेल में एक पूर्व छात्रा से लगातार संपर्क होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने छात्रा को बुलाकर पूछताछ की। शुरुआत में छात्रा ने शिक्षक को अच्छा व्यक्ति बताया। उसने पुलिस से कहा कि ओम प्रकाश यादव सभी विद्यार्थियों के साथ स्नेह से पेश आते थे।
हालांकि, जब पुलिस ने उसे शिक्षक के लगातार आने वाले कॉल और मैसेज के बारे में जानकारी दी, तो वह भावुक हो गई और रोने लगी। इसके बाद छात्रा ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए।
स्नैपचैट से निकाली थीं आपत्तिजनक तस्वीरें, मैसेज भेजकर करता था परेशान
पूर्व छात्रा ने पुलिस को बताया कि शिक्षक ओम प्रकाश यादव उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने स्नैपचैट से उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें हासिल कर ली थीं। इन्हीं तस्वीरों को आधार बनाकर वह छात्रा पर दबाव बनाते थे और उसे अश्लील संदेश भेजते थे।
छात्रा के मुताबिक, शिक्षक मैसेज भेजने के बाद उन्हें डिलीट कर देते थे। इस तरह वह लगातार उसे परेशान कर रहे थे। पुलिस की पूछताछ में सामने आई इन बातों के बाद हत्या के पीछे की वजह को लेकर जांच आगे बढ़ाई गई।
हत्या के बाद स्कूटी लेकर भागा था आरोपी, मोबाइल तोड़कर फेंका
पुलिस के अनुसार, पूर्व छात्रा के मित्र ने शिक्षक की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने कोचिंग में चाकू से शिक्षक का गला काटकर उनकी जान ले ली और इसके बाद उनकी स्कूटी लेकर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात से जुड़े घटनाक्रम को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
जांच के दौरान शिक्षक की स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। वहीं, आरोपी ने अपना मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिया था। पुलिस अब हत्या से जुड़े साक्ष्यों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा का पूरा ध्यान, अक्टूबर में 95.63% शिकायतों का समाधान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









