Uttar Pradesh

‘मुसलमान होना और यूनिवर्सिटी बनाना आजम खान का दोष’, जेल में मुलाकात के बाद बोले शिवपाल यादव

UP News : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने गाजियाबाद की डासना जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की. करीब दो घंटे बाद जेल से बाहर आए शिवपाल ने आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों और जेल में उनके साथ किए जा रहे व्यवहार पर सवाल उठाए, उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं.

शिवपाल यादव ने मुलाकात के दौरान प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि आजम खान उत्तर प्रदेश में 10 बार विधायक, चार बार मंत्री और दो बार सांसद रह चुके हैं. इसके बावजूद जेल में उनसे जाली के पीछे से मुलाकात कराई गई. शिवपाल ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया.उन्होंने कहा कि आजम खान का दोष सिर्फ इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए यूनिवर्सिटी बनाई और वह मुसलमान हैं.

सपा में ही रहेंगे आजम खान

आजम खान और समाजवादी पार्टी के रिश्तों पर शिवपाल ने साफ कहा कि आजम खान पार्टी में हैं और आगे भी रहेंगे, उन्होंने बताया कि आजम खान के परिवार के साथ उनके पारिवारिक संबंध हैं और आगे भी बने रहेंगे. शिवपाल ने भरोसा दिलाया कि वह हर परिस्थिति में आजम खान की मदद करते रहेंगे.

उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद आजम खान अखिलेश यादव के साथ चुनाव प्रचार भी करेंगे. शिवपाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी को अपनी हार का एहसास हो गया है, इसलिए इस तरह का उत्पीड़न कराया जा रहा है.

2027 में सरकार बनने पर व्यवस्था बदलने का ऐलान

शिवपाल यादव ने कहा कि अब आजम खान को राहत मिलने की उम्मीद न्यायालय से ही है, उन्हें भरोसा है कि अदालत से न्याय मिलेगा. वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो जेलों में जाली लगाकर मुलाकात कराने की व्यवस्था खत्म की जाएगी.

ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दिल्ली-NCR में महंगा हुआ दूध, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें, जानिए नए रेट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button