Biharराजनीतिराज्य

सियासी विरोध भुलाकर मिले सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर, बगल में बैठीं रोहिणी आचार्य की तस्वीर वायरल

Samrat Chaudhary-PK Meeting: बिहार की राजनीति में अक्सर एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक एवं विधायक प्रशांत किशोर की एक मुलाकात इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। पटना में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दोनों नेताओं का आमना-सामना हुआ। इस दौरान राजनीतिक तल्खी से इतर दोनों के बीच गर्मजोशी देखने को मिली। सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए बातचीत की। मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की मुलाकात ने खींचा सबका ध्यान

श्रद्धांजलि सभा के दौरान दोनों नेताओं का सहज अंदाज कैमरे में कैद हो गया। आमतौर पर एक-दूसरे की राजनीतिक नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाने वाले सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर इस बार हंसते-मुस्कुराते नजर आए। दोनों के बीच हुई इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही है। राजनीतिक विरोध के बीच नेताओं का यह बदला हुआ अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

रोहिणी आचार्य की मौजूदगी ने बढ़ाई सियासी तस्वीर की चर्चा

इस कार्यक्रम में एक और खास दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के ठीक बगल में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य बैठी नजर आईं। रोहिणी भी लगातार सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर पर राजनीतिक निशाना साधती रही हैं। ऐसे में तीनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने इस तस्वीर को और खास बना दिया। कार्यक्रम में भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी शामिल हुए।

प्रशांत किशोर पर भाजपा और राजद के आरोपों के बीच मुलाकात चर्चा में

दरअसल, प्रशांत किशोर कई बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार की नीतियों की आलोचना कर चुके हैं। दूसरी तरफ राजद की ओर से भी जन सुराज पर भाजपा की बी टीम के रूप में काम करने का आरोप लगाया जाता रहा है। ऐसे राजनीतिक माहौल में दोनों नेताओं की आत्मीय मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर प्रशांत किशोर के राजनीतिक रुख को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं।

इस मुलाकात से ठीक एक दिन पहले बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी प्रशांत किशोर पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रशांत किशोर अब पूरी तरह कांग्रेस की बी टीम बनकर काम कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा था कि उन्हें यह राजनीतिक फॉर्मूला कांग्रेस के पप्पू ने दिया है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने किए दिलचस्प कमेंट

सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की तस्वीर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने नेताओं के सार्वजनिक बयानों और व्यक्तिगत मुलाकात के अंदाज के बीच अंतर को लेकर टिप्पणी की है। एक यूजर ने लिखा, ‘हाथी के दांत खाने के और, दिखाने के और होते हैं।’ वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि जो प्रशांत किशोर सार्वजनिक मंचों से मुख्यमंत्री पर लगातार निशाना साधते हैं, उनकी मुख्यमंत्री के साथ इस तरह मुस्कुराते हुए बातचीत करना अलग ही तस्वीर पेश करता है। इस मुलाकात ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है।

लालू यादव भी आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में हुए शामिल

इसी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राजद अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी पहुंचे। उन्होंने दिवंगत भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ बड़ी बेटी और पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती तथा रोहिणी आचार्य भी मौजूद थीं।

पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद लालू यादव ने आरके सिन्हा के बेटे ऋतुराज सिन्हा और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की और इस दुखद समय में परिजनों को सांत्वना दी। इस तरह श्रद्धांजलि सभा में जहां एक ओर दिवंगत नेता को याद किया गया, वहीं दूसरी ओर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की मुलाकात भी चर्चा का केंद्र बन गई।

ये भी पढ़ें – आज इन राशियों की चमकेगी किस्मत, जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का हाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button