NCP Merger News : महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल के नेतृत्व वाला NCP अजित पवार गुट (NCP AP) दोनों गुटों के विलय के पक्ष में है. वहीं, बीजेपी भी चाहती है कि शरद पवार के नेतृत्व वाला NCP SP गुट एनडीए में शामिल हो जाए. हालांकि, सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार इस प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं.
गुरुवार शाम प्रफुल्ल पटेल मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्होंने शरद पवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. सूत्रों के अनुसार, इस दौरान दोनों नेताओं के बीच NCP के संभावित विलय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शरद पवार को दिए गए संदेश को लेकर भी चर्चा हुई.
BJP को क्या हो सकता है फायदा?
सूत्रों के मुताबिक, NCP के एकजुट होने और शरद पवार गुट के एनडीए में शामिल होने से बीजेपी को राजनीतिक लाभ मिल सकता है. इससे NCP SP के आठ अहम सांसदों का समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है. इसके अलावा शरद पवार इंडिया ब्लॉक के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं. ऐसे में उनका एनडीए में जाना विपक्षी गठबंधन के लिए राजनीतिक झटका साबित हो सकता है.
शरद पवार गुट को क्या मिल सकता है
संभावित विलय को लेकर राजनीतिक चर्चाओं में शरद पवार गुट के फायदे भी गिनाए जा रहे हैं. इसके तहत सुप्रिया सुले को केंद्रीय कैबिनेट में मंत्री पद मिलने की संभावना की चर्चा है. वहीं, एकजुट NCP में उनकी राजनीतिक स्थिति सुरक्षित रह सकती है. इसके अलावा वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को महाराष्ट्र सरकार में वित्त मंत्रालय मिलने की भी चर्चा है.
अस्पताल में क्यों भर्ती हैं शरद पवार
शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी डॉक्टर के मुताबिक, उन्हें खांसी और संक्रमण की शिकायत थी, जिसमें ब्रोंकाइटिस जैसे लक्षण दिखाई दिए. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है.
इससे पहले शरद पवार पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक अस्पताल में दो दिन भर्ती रहे थे. वहां से छुट्टी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर उनका हालचाल जाना था. शरद पवार के करीबी मित्र विट्ठल मणियार ने मीडिया को बताया था कि प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान शरद पवार से कहा था कि सुप्रिया सुले तैयार हो गई हैं और वे देश संभालने के लिए तैयार हैं, उन्होंने शरद पवार से देश की चिंता छोड़कर अपनी सेहत का ध्यान रखने की बात कही थी.
महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार की अहम भूमिका को देखते हुए NCP के संभावित विलय और एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं पर सभी की नजरें टिकी हैं.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









