Unnao News : उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ घर से फरार होने का आरोप लगा है. इतना ही नहीं, परिवार का दावा है कि महिला घर में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए लाखों रुपये के पुश्तैनी गहने भी निकालकर ले गई. मामले को लेकर अब बीमार पति और उसका बेटा पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत लेकर पहुंचे हैं.
यह पूरा मामला अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का है. महिला के बेटे ने पहले स्थानीय थाने में शिकायत दी और फिर एसपी जय प्रकाश सिंह से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की. परिवार का आरोप है कि महिला ने 14 सितंबर को अपने दामाद के कहने पर पिता की खरीदी हुई 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम कर दी थी. इस बात की जानकारी परिवार को बाद में हुई.
15 साल पहले हुई थी बेटी की शादी
बेटे ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद उसके पति ने बहन की हत्या कर दी थी. बेटे का दावा है कि बहन के बच्चे की परवरिश को ध्यान में रखते हुए परिवार ने उस समय मामला दर्ज नहीं कराया था. इसके बाद उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और बहनोई का घर आना-जाना शुरू हो गया.
परिवार के मुताबिक, जब पिता ने इस रिश्ते का विरोध किया तो घर में विवाद होने लगे. अब आरोप है कि महिला उसी बहनोई के साथ घर छोड़कर चली गई है.
जमीन खोदकर निकाले सोने-चांदी के गहने?
इस मामले में पुश्तैनी गहनों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. बेटे और उसके बीमार पिता का कहना है कि घर के अंदर जमीन में गड्ढा खोदकर करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना छिपाकर रखा गया था. आरोप है कि महिला जमीन खोदकर ये गहने भी अपने साथ ले गई. परिवार के मुताबिक, इनकी कीमत लाखों रुपये है.
एसपी से लगाई न्याय की गुहार
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके पिता की तबीयत ठीक नहीं रहती और वह पहले गांव में चौकीदारी का काम करते थे. मां के घर छोड़ने के बाद बीमार पिता अकेले रह गए हैं. बेटे का आरोप है कि अजगैन थाने में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने एसपी से गुहार लगाई. वहीं, एसपी जय प्रकाश सिंह ने शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









