मौसमराष्ट्रीय

बंगाल की खाड़ी में फिर चक्रवात का खतरा, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और बंगाल में अलर्ट, IMD ने जारी किया अपडेट

Bay of Bengal Cyclone : बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम तेजी से सक्रिय हो रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आशंका जताई है कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. तीन सप्ताह के भीतर यह तीसरा संभावित चक्रवाती सिस्टम है, जिसे लेकर ओडिशा में सतर्कता बढ़ा दी गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम अगले 24 घंटों में डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके बाद उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए सोमवार तक दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है.

IMD के अनुसार, बुधवार तक यह मौसमी सिस्टम और ताकतवर हो सकता है. समुद्र में खराब मौसम और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए मछुआरों को रविवार तक वापस तट पर लौटने की सलाह दी गई है. तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को भी मौसम विभाग की चेतावनियों और ताजा अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है.

ओडिशा सरकार ने सभी जिलों को किया सतर्क

संभावित चक्रवात को लेकर ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा है कि राज्य किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है, उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी मौसम विभाग ने यह जानकारी नहीं दी है कि तूफान किस दिशा में जाएगा और कहां तट से टकराएगा.

मंत्री के मुताबिक, पिछले तीन सप्ताह में चक्रवात अर्नब और मुरसु का असर ओडिशा में भी देखने को मिला था. हालांकि, दोनों तूफान आंध्र प्रदेश के तट से टकराए थे. इस बार सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को अलर्ट पर रखा है. दक्षिणी, उत्तरी और तटीय जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

तीन राज्यों में बहुत भारी बारिश का अनुमान

विशेष राहत आयुक्त राजेश पी. पाटिल ने जिला कलेक्टरों को पत्र लिखकर ऑरेंज और येलो चेतावनी वाले जिलों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को कुछ इलाकों में 7 से 11 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है. वहीं, गुरुवार और शुक्रवार को ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

प्रशासन का कहना है कि तूफान तट से टकराए या नहीं, संभावित बारिश और खराब मौसम को देखते हुए तैयारियां जारी रहेंगी.

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button