Weather Update : पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आज और कल बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। उत्तराखंड के सात जिलों में भी बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
बर्फबारी के बाद मनाली में पर्यटकों की भीड़, हाईवे पर लगा जाम
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बाद पर्यटन गतिविधियां बढ़ गई हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के कारण चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। दूसरी तरफ, उत्तराखंड के सात जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-NCR में प्रदूषण बरकरार, AQI गंभीर श्रेणी में
मौसम में बदलाव के बावजूद दिल्ली-NCR के लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। राजधानी की हवा लगातार गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। शनिवार सुबह दिल्ली के ITO इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 414 दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में AQI का स्तर 324 रहा।
अंडमान सागर में बादलों की गतिविधियां तेज, चक्रवात की आशंका
मौसम के बीच इसरो के INSAT-3DS सैटेलाइट ने अंडमान सागर के ऊपर बादलों की तेज गतिविधियों को रिकॉर्ड किया है। इस क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जिससे संभावित चक्रवाती गतिविधियों को लेकर आशंका जताई जा रही है। यदि चक्रवात बनता है तो उसका नाम ‘अकवान’ होगा। यह नाम ईरान की ओर से सुझाया गया है।
मध्य प्रदेश में भी बढ़ी ठंड, 20 शहरों का तापमान 15 डिग्री से नीचे
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। बीती रात भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले समय में रात के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है।
ये भी पढ़ें- मेरठ में पूर्व सैनिकों का महासम्मेलन, राष्ट्र की शक्ति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है सैन्य परिवार- सीएम योगी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









