Sonia Gandhi Book : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ इन दिनों राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है. किताब में किए गए दावों और पुराने घटनाक्रमों के जिक्र को लेकर बहस छिड़ी है. इसी बीच 2002 के गुजरात दंगों से पहले हुए साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को लेकर सोनिया गांधी की टिप्पणी पर नया विवाद खड़ा हो गया है. गुजरात पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) का नेतृत्व कर चुके पूर्व अधिकारी राकेश अस्थाना ने उनके बयान पर सवाल उठाए हैं.
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने की वजह को लेकर विवाद रहा है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राकेश अस्थाना ने समाचार एजेंसी ANI से कहा कि ट्रेन की बोगी में आग लगने की घटना कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक बड़ी साजिश थी.
अस्थाना के मुताबिक, उस समय खुफिया एजेंसियों को अयोध्या में संभावित बम धमाके को लेकर इनपुट मिले थे, उन्होंने दावा किया कि साधु के वेश में विस्फोट करने और अन्य संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की योजनाओं की जानकारी भी सामने आई थी. उनके अनुसार, कारसेवकों को निशाना बनाने और देश में अस्थिरता फैलाने की साजिश के तहत साबरमती एक्सप्रेस को टारगेट किया गया था.
पाकिस्तान से आतंकी संपर्क का दावा
पूर्व SIT प्रमुख ने जांच का हवाला देते हुए अमन गेस्ट हाउस के मालिक अब्दुल रज्जाक कुरकुर की भूमिका का भी जिक्र किया, उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान पाकिस्तान से कई फोन कॉल आने और हिजबुल आतंकियों की आवाजाही से जुड़े तथ्य सामने आए थे. अस्थाना के मुताबिक, जांच में साजिश के तार पाकिस्तान तक जुड़ते दिखाई दिए थे.
दबाव के आरोपों पर जवाब
जांच के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किसी तरह के दबाव के सवाल पर अस्थाना ने इससे इनकार किया, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री या गृह मंत्री की तरफ से जांच को प्रभावित करने का कोई प्रयास नहीं हुआ. उनके मुताबिक, जांच में कई मुस्लिम अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और कुछ अधिकारियों ने पहचान छिपाकर भी अभियान चलाया था.
यूसी बनर्जी आयोग की रिपोर्ट पर भी उठाए सवाल
राकेश अस्थाना ने जस्टिस यूसी बनर्जी आयोग की रिपोर्ट पर भी टिप्पणी की. इस आयोग ने ट्रेन में आग लगने की वजह यात्रियों के स्टोव से लगी आग को बताया था. अस्थाना ने दावा किया कि आयोग की रिपोर्ट को गुजरात हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी और अदालत ने उसे खारिज कर दिया था, उन्होंने कहा कि अदालत में पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर ट्रेन में आग जानबूझकर लगाए जाने की बात सामने आई थी.
इस तरह सोनिया गांधी की किताब में किए गए उल्लेख के बाद साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और कानूनी बहस तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा की तैयारी तेज, 200 शटल बसें, 20 क्लिनिक और पुलिस सहायता केंद्र होंगे स्थापित
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









