राष्ट्रीय

असम में बड़ा रेल हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के कई डिब्बे पटरी से उतरे, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Assam Train Accident : असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है. गुवाहाटी के बाहरी इलाके डिगारू के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के कई डिब्बे पटरी से उतर गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के इंजन समेत पांच कोच पटरी से उतरे हैं. वहीं, शुरुआती रिपोर्टों में सात डिब्बों के बेपटरी होने की भी जानकारी सामने आई है. हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया.

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिनजल किशोर शर्मा के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर रोका जा रहा था. ट्रेन को दूसरी गाड़ी के गुजरने के लिए रास्ता देना था. इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं कर सके और ट्रेन पटरी से उतर गई. इस घटना में इंजन के साथ पांच कोच बेपटरी हो गए.

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे का बयान

हादसे के बाद यात्रियों की स्थिति को लेकर अलग-अलग शुरुआती जानकारियां सामने आईं. कुछ रिपोर्टों में कई यात्रियों के घायल होने और कुछ की हालत गंभीर होने की आशंका जताई गई. हालांकि, पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के CPRO कपिनजल किशोर शर्मा ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है.

मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. महाप्रबंधक भी अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हुए. रेलवे की ओर से राहत ट्रेन भेजी गई है. इसके अलावा पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं. यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम किया जा रहा है.

कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के बेपटरी होने से इस रेलखंड पर यातायात प्रभावित हुआ है. रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाने का फैसला किया है. फिलहाल दुर्घटनास्थल पर राहत कार्य और रेल यातायात बहाल करने की प्रक्रिया जारी है. रेलवे अधिकारी हादसे से जुड़ी परिस्थितियों का जायजा ले रहे हैं.

ये भी पढ़ें- पंजाब में पराली जलाने के मामलों में 95% कमी, अमन अरोड़ा ने BJP को घेरा, कहा- 20 मिनट में दिल्ली कैसे पहुंचता है धुआं?

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button