विदेश

ईरान की धमकियों के बाद ट्रंप के वित्त मंत्री ने छोड़ा घर, परिवार के साथ मिलिट्री बेस में ली शरण

Iran Threats : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की निजी सुरक्षा पर भी पड़ने लगा है. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को ईरान की ओर से जानलेवा धमकियां मिलने के बाद अपना निजी आवास छोड़ना पड़ा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए वह अपने परिवार के साथ एक सैन्य ठिकाने पर रह रहे हैं. इस घटनाक्रम के बाद अमेरिकी अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

इस मामले से जुड़े तीन लोगों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों में अमेरिकी अधिकारियों को ऐसी खुफिया सूचनाएं मिली थीं, जिनमें ईरान की ओर से मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की संभावित साजिश का जिक्र था. इन सूचनाओं में वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को भी धमकी मिलने की बात सामने आई. हालांकि, उन्हें किस तरह की धमकी मिली और खतरे का स्तर कितना गंभीर है, इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.

ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों में अहम भूमिका

स्कॉट बेसेंट राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में वित्त मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की अमेरिकी रणनीति में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है. अमेरिका का मकसद आर्थिक प्रतिबंधों और व्यापारिक पाबंदियों के जरिए ईरान की आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित करना है.

बताया जा रहा है कि अगस्त से बेसेंट ईरान के खिलाफ प्रतिबंधों को और सख्त करने के अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं. इसके तहत ईरान के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आर्थिक नेटवर्क पर दबाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है. माना जा रहा है कि इसी भूमिका के चलते उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं.

व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर अमेरिका सतर्क

अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि ईरान की अमेरिका या अन्य देशों में बड़े पैमाने पर हमले करने की क्षमता सीमित हो सकती है, लेकिन चुनिंदा व्यक्तियों को निशाना बनाने की आशंकाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. इसी को देखते हुए बेसेंट की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और उन्हें सैन्य ठिकाने पर रहने की व्यवस्था दी गई है.

अमेरिका प्रतिबंध जारी रखने पर अडिग

इस पूरे मामले पर अमेरिकी वित्त विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि स्कॉट बेसेंट ईरानी शासन की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं. वह ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाने के अभियान को आगे भी जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

फिलहाल, बेसेंट की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. यह घटनाक्रम दिखाता है कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का दायरा अब आर्थिक प्रतिबंधों और कूटनीतिक टकराव से आगे बढ़कर अमेरिकी अधिकारियों की व्यक्तिगत सुरक्षा तक पहुंच गया है.

ये भी पढ़ें- पंजाब में पराली जलाने के मामलों में 95% कमी, अमन अरोड़ा ने BJP को घेरा, कहा- 20 मिनट में दिल्ली कैसे पहुंचता है धुआं?

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button