विदेश

इजरायल की राजनीति में बड़ा उलटफेर, आइजेनकोट को सरकार बनाने का न्योता, नेतन्याहू को झटका

Israel Politics : इजरायल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. लंबे समय से देश की सत्ता पर काबिज प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के सामने अब कुर्सी बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है. राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने विपक्षी नेता और पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइसेनकोट को नई गठबंधन सरकार बनाने का पहला मौका देने का फैसला किया है. इस फैसले को नेतन्याहू के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है.

बता दें कि 27 अक्टूबर को हुए आम चुनाव में किसी भी गठबंधन को संसद में बहुमत नहीं मिला. नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन को 53 सीटें मिलीं, जबकि आइसेनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के खाते में 48 सीटें आईं. इजरायल की 120 सदस्यीय संसद में सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है.

राष्ट्रपति ने दिया सरकार बनाने का अवसर

राष्ट्रपति हर्ज़ोग के साथ हुई राजनीतिक दलों की बैठकों में 67 सांसदों के प्रतिनिधित्व वाले गुटों ने आइसेनकोट के समर्थन की सिफारिश की, जबकि 46 सांसदों ने नेतन्याहू का समर्थन किया. इसके बाद राष्ट्रपति ने आइसेनकोट को सरकार बनाने का अवसर देने का फैसला किया.

इस घोषणा के बाद आइसेनकोट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अब राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने का समय है, उन्होंने कहा कि वह इस जिम्मेदारी पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे.

सरकार गठन में भूमिका अहम

हालांकि, उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती संसद में बहुमत जुटाने की है. इस चुनाव में अरब पार्टियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 19 सीटें हासिल की हैं. ऐसे में सरकार गठन में उनकी भूमिका बेहद अहम हो सकती है. लेकिन उनके समर्थन को लेकर विपक्षी गठबंधन के भीतर भी मतभेद हैं.

आइसेनकोट को सरकार बनाने के लिए पहले 28 दिन मिलेंगे, जिसे 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है. अब देखना होगा कि क्या वह जरूरी समर्थन जुटाकर नेतन्याहू के लंबे राजनीतिक शासन का अंत कर पाएंगे या इजरायल एक बार फिर चुनाव की ओर बढ़ेगा.

ये भी पढ़ें- योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती से मिली खाकी वर्दी, सीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button