US Midterm Elections : अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटकों के बाद पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ऐसा बयान दिया है, जिसने अमेरिकी राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. ओबामा ने चुनावी नतीजों को अमेरिकी जनता का स्पष्ट संदेश बताते हुए कहा कि मतदाता अब बांटने वाली राजनीति नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने वाला नेतृत्व चाहते हैं, उन्होंने यह भी साफ किया कि जनता को ऐसे नेताओं की जरूरत है, जो केवल बड़े-बड़े वादे न करें, बल्कि रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान भी दें.
मंगलवार रात चुनावी नतीजों के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ओबामा ने कहा कि इन परिणामों से पता चलता है कि अमेरिकी जनता राजनीति में बदलाव चाहती है, उन्होंने चुनाव में उतरे डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की सराहना करते हुए कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से अच्छे उम्मीदवार सामने आए. इनमें ऐसे इलाके भी शामिल थे, जहां पहले डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए जीत हासिल करना मुश्किल माना जाता था.
ओबामा के मुताबिक, इन उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि और राजनीतिक विचार भले ही अलग-अलग रहे हों, लेकिन जनसेवा, साझा मूल्यों और अपने क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकता देने की सोच ने उन्हें एक साथ जोड़ा.
चुनाव अधिकारियों और स्वयंसेवकों की भी तारीफ
पूर्व राष्ट्रपति ने चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले हजारों अधिकारियों और स्वयंसेवकों का भी आभार जताया, उन्होंने कहा कि दोनों राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने में योगदान दिया. लोकतंत्र को मजबूत रखने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.
ट्रंप प्रशासन के बचे दो साल पर क्या बोले ओबामा?
ओबामा ने कहा कि मौजूदा प्रशासन के पास अभी दो साल का समय बाकी है. ऐसे में उनकी पार्टी और सहयोगियों को अब पूरी ताकत से काम करना होगा. जहां बदलाव लाने का अवसर मिले, वहां काम करना होगा, संभावित नुकसान को रोकना होगा और भविष्य की तैयारी करनी होगी.
ओबामा का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को कई अहम सीटों पर झटका लगा है. उनके संदेश से साफ है कि डेमोक्रेटिक पार्टी अब इस चुनावी बढ़त को आगे की राजनीतिक रणनीति में बदलने की तैयारी कर रही है.
ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 5 किलो हेरोइन सहित दो काबू
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









