America Plane Crash : अमेरिका के दक्षिणी फ्लोरिडा में रविवार को एक भीषण विमान हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. नौ लोगों को लेकर जा रहा एक निजी विमान अचानक आसमान से तेजी से नीचे आया और रिहायशी इलाके के पास सड़क पर जा गिरा. जमीन से टकराते ही विमान आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया. इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया और चारों तरफ धुएं का घना गुबार फैल गया.
यह हादसा पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके के पास हुआ. दुर्घटनास्थल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चर्चित रिसॉर्ट मार-ए-लागो से करीब 14 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है. विमान घरों के बेहद करीब गिरा, लेकिन राहत की बात यह रही कि आसपास के मकान आग की चपेट में आने से बच गए. हादसे के समय सड़क पर वाहन भी गुजर रहे थे. कई लोगों ने अपनी कारों के भीतर से इस भयावह मंजर को कैमरे में रिकॉर्ड किया. सामने आए वीडियो में विमान तेजी से नीचे आता और जमीन से टकराते ही आग की लपटों में घिरता दिखाई दे रहा है.
टेक्सास से बहामास जा रहा था विमान
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर हादसे की पुष्टि की. उनके मुताबिक, विमान रविवार दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ. यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरकर बहामास जा रहा था. विमान निजी तौर पर संचालित किया जा रहा था और इसका पंजीकरण नंबर एन722बीडी बताया गया है.
हादसे के बाद संघीय विमानन प्रशासन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है. संघीय विमानन प्रशासन की एक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में सहयोग करेगी. वहीं, पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने लोगों को दुर्घटनास्थल के आसपास जाने से बचने और दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. फिलहाल हादसे की असली वजह और विमान में सवार लोगों की पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









