विदेश

मदीना की ओर ड्रोन भेजने का आरोप, अदन में राष्ट्रपति भवन और एयरपोर्ट पर हूतियों का मिसाइल हमला

Yemen Missile Attack : यमन में हूती विद्रोहियों के हमलों ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है. इस बार मामला सिर्फ यमन तक सीमित नहीं रहा. सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना की दिशा में ड्रोन भेजे जाने और दक्षिणी यमन के अदन में राष्ट्रपति भवन तथा हवाई अड्डे को निशाना बनाकर मिसाइलें दागे जाने की खबर सामने आई है. इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.

सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने मदीना क्षेत्र के ऊपर एक ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया. गौरतलब है कि मदीना में स्थित मस्जिद-ए-नबवी इस्लाम के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में शामिल है. इससे पहले गठबंधन मक्का क्षेत्र में भी एक ड्रोन को नष्ट करने की जानकारी दे चुका है.

यमन के अदन में दो धमाकों की आवाज

इधर, यमन के अदन शहर में हालात और तनावपूर्ण हो गए. यमन सरकार के सैन्य प्रवक्ता के अनुसार, हूती विद्रोहियों ने बैलिस्टिक मिसाइलों से अदन हवाई अड्डे और अल-माशीक राष्ट्रपति महल परिसर पर हमला किया. हालांकि, मिसाइलें अपने लक्ष्य पर लगीं या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. हमले में किसी के हताहत होने की भी सूचना नहीं है. प्रत्यक्षदर्शियों ने राष्ट्रपति भवन परिसर की ओर एम्बुलेंस जाते हुए देखीं और शहर में दो धमाकों की आवाज सुनने की बात कही.

मदीना ड्रोन हमले से हूतियों का इनकार

इससे पहले बुधवार को भी अदन हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया था. यह हवाई अड्डा दक्षिणी यमन में मानवीय सहायता पहुंचाने का प्रमुख रास्ता है. हालांकि, मदीना की ओर ड्रोन भेजने के आरोपों को हूतियों ने सिरे से खारिज किया है. उनके सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने एक्स पर कहा कि सऊदी क्षेत्र के खिलाफ कोई सैन्य अभियान नहीं चलाया गया, उन्होंने आरोप लगाया कि सऊदी अरब झूठे दावे कर रहा है. हूतियों के मुताबिक, उनके हमलों का निशाना केवल सऊदी अरब के तेल ठिकाने और सैन्य अड्डे हैं.

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या यमन का संघर्ष अब और बड़े क्षेत्रीय टकराव की ओर बढ़ रहा है?

ये भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर योगी सरकार का तोहफा, 12 दिन तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें, त्योहारों पर घर पहुंचना होगा आसान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button