विदेश

हूतियों के हमले रोकने के लिए सऊदी अरब देगा 1 अरब डॉलर? ईरान की मध्यस्थता से मचेगी हलचल

Saudi Arabia News : मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है. इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब ने हूतियों के हमले रुकवाने और युद्धविराम लागू कराने के लिए ईरान के माध्यम से करीब 1 अरब डॉलर देने का प्रस्ताव रखा है. भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 9,500 करोड़ रुपये बैठती है. हालांकि, इस कथित वित्तीय प्रस्ताव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि कोई रकम हस्तांतरित की गई है या नहीं.

सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान 26 अक्टूबर को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे. उनके साथ पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और तुर्की के खुफिया प्रमुख इब्राहिम कलिन भी वार्ता में शामिल हुए. ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बातचीत का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय तनाव कम करना और कूटनीतिक समाधान तलाशना बताया गया.

सऊदी विदेश मंत्रालय ने यात्रा को तनाव घटाने, बातचीत आगे बढ़ाने और कतर तथा पाकिस्तान की मध्यस्थता कोशिशों को समर्थन देने की पहल बताया. हालांकि, मंत्रालय ने 1 अरब डॉलर के कथित प्रस्ताव की पुष्टि नहीं की.

क्या हमले रोकने के बदले मिलेगी आर्थिक मदद?

वहीं, इजरायली मीडिया की रिपोर्ट में एक राजनयिक सूत्र के हवाले से दावा किया गया कि सऊदी रक्षा मंत्री जिस सैन्य परिवहन विमान से तेहरान पहुंचे, उसमें कथित तौर पर रकम भी मौजूद थी. लेकिन इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद का एक हिस्सा करीब तीन साल पुराने समझौतों से जुड़ा है. इनके तहत हूती नियंत्रण वाले क्षेत्रों में सरकारी कर्मचारियों के वेतन और नागरिक बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देने पर चर्चा हुई थी. इसके बदले युद्धविराम बनाए रखने और सऊदी अरब पर हमले रोकने की अपेक्षा थी.

हमलों ने बढ़ाया दबाव

सऊदी अरब के हवाई अड्डों और तेल प्रतिष्ठानों पर हूतियों के हमलों ने क्षेत्रीय तनाव बढ़ा दिया है. ऐसे में सवाल है कि क्या कूटनीतिक बातचीत से हमले रुकेंगे और युद्धविराम का रास्ता खुलेगा? फिलहाल, कथित आर्थिक प्रस्ताव की शर्तों और उसके भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.

ये भी पढ़ें- महर्षि वाल्मीकि आश्रम में सीएम योगी ने की पूजा-अर्चना, प्राचीन शिवलिंग और सीता कुटिया के भी किए दर्शन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button