विदेश

भूकंप के झटकों से फिर कांपा तिब्बत, 4.5 दर्ज की गई तीव्रता

Tibet Earthquake : तिब्बत में 7.0 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप के बाद शनिवार सुबह एक बार फिर धरती कांप उठी. भारतीय समयानुसार सुबह करीब 5:38 बजे 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. इससे पहले गुरुवार रात आए तेज झटकों ने उत्तरी तिब्बत के नागचू क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी. इस हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 65 लोग घायल हुए हैं.

चीन के भूकंप निगरानी केंद्र के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:33 बजे आए मुख्य भूकंप का केंद्र नागचू शहर के बाचेन काउंटी क्षेत्र में था. भूकंप जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे आया. तेज झटकों के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और लोगों को जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलना पड़ा. राहत और बचाव कार्य के बीच 12 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

इमारतों से बाहर भागे लोग

भूकंप के बाद क्षेत्र में लगातार छोटे झटके महसूस किए जा रहे हैं. चीन के भूकंप निगरानी केंद्र के मुताबिक, मुख्य भूकंप के बाद अब तक 413 छोटे झटके दर्ज किए गए हैं. सामने आए सीसीटीवी दृश्यों में लोग इमारतों से बाहर भागते दिखाई दिए. कई स्थानों पर इमारतों से मलबा गिरने के दृश्य भी सामने आए हैं.

नागचू उत्तरी तिब्बत का ऊंचाई वाला क्षेत्र है. यहां आबादी अपेक्षाकृत कम है और यह तिब्बत की राजधानी ल्हासा से करीब 400 किलोमीटर दूर स्थित है.

तिब्बत में भूकंप से जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए तिब्बती यूथ कांग्रेस (TYC) ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित मैकलॉडगंज में कैंडल लाइट प्रार्थना सभा आयोजित की. इस दौरान मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता जताई गई. भूकंप के बाद लगातार जारी झटकों और नुकसान ने प्रभावित क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें- ‘ऑफिस-ऑफिस’ सीरियल की तरह न भटके आम आदमी, नागरिक संतुष्टि ही लोकसेवक का रिपोर्ट कार्ड- सीएम योगी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button