विदेश

3 पॉलीग्राफ टेस्ट पास नहीं कर सके अमेरिकी जनरल, गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप

US General News : अमेरिका की सेना में एक बड़े अधिकारी पर गोपनीय जानकारियां लीक करने का आरोप लगा है. मामला इतना गंभीर बताया जा रहा है कि रक्षा विभाग पेंटागन ने तीन सितारा जनरल को उनके अहम पद से हटा दिया है. आरोप है कि उन्होंने ईरान युद्ध और रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां पत्रकारों तक पहुंचाईं. इस मामले में तीन पॉलीग्राफ टेस्ट का भी जिक्र सामने आया है.

अमेरिकी रक्षा विभाग के मुताबिक, लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ में रणनीति, योजना और नीति विभाग के प्रमुख पद से हटाया गया है. रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने यह कार्रवाई की है. एक पेंटागन अधिकारी के अनुसार, सिल्विया गोपनीय जानकारी लीक करने से जुड़े सवालों पर तीन पॉलीग्राफ टेस्ट पास नहीं कर सके. हालांकि, इन आरोपों पर अभी जांच जारी है और उन्हें दोषी ठहराए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है.

गोपनीय जानकारियों की सुरक्षा के लिए कदम

पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सोशल मीडिया पर बताया कि संवेदनशील जानकारियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं. मामले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अमेरिकी न्याय विभाग के पास भेज दिया गया है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सिल्विया के खिलाफ सैन्य अदालत के बजाय सामान्य अदालत में मुकदमा चलाने पर विचार क्यों हो रहा है.

लीक पर अधिकारियों पर कार्रवाई

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि प्रशासन गोपनीय जानकारियां लीक करने वालों की तलाश कर रहा है और सिल्विया को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं.सिल्विया इससे पहले केंटकी के फोर्ट कैंपबेल में 101वीं एयरबोर्न डिवीजन के कमांडर रह चुके हैं, उन्हें सैन्य सेवा के दौरान छह ब्रॉन्ज स्टार मेडल और एक पर्पल हार्ट मेडल भी मिला था.

गौरतलब है कि हेगसेथ के कार्यकाल में गोपनीय जानकारी लीक होने के आरोपों पर कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है. पेंटागन ने पत्रकारों की आवाजाही और अधिकारियों तक उनकी पहुंच पर भी प्रतिबंध बढ़ाए हैं.

ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दूध खरीदने वालों को झटका, 8 रुपये महंगा हुआ दूध, जानें क्या हैं नई कीमतें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button